Bhopal News: एमपी के सरकारी डॉक्टरों को भी मिलेगा समयबद्ध वेतनमान, भोपाल में सीएम शिवराज की घोषणा
Bhopal News: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्य प्रदेश के सभी विभागों के चिकित्सकों को समयबद्ध वेतनमान दिया जायेगा। बिना पदोन्नति की बाध्यता के पांच, दस और पन्द्रह वर्ष में वेतन वृद्धि मिलेगी। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों को भी एक जनवरी 2016 से सातवाँ वेतनमान मिलेगा।
मुख्यमंत्री भोपाल के शासकीय महात्मा गाँधी चिकित्सा महाविद्यालय में 2 हजार बिस्तरीय अस्पताल के निर्माण कार्य, नर्सिंग कॉलेज, हॉस्टल और ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर के लोकार्पण, भूमि-पूजन कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि वेतन की एनपीए गणना की त्रुटियों को दूर किया जायेगा।
संविदा कर्मियों के जैसे ही संविदा चिकित्सको को भी सुविधाएँ मिलेंगी। सभी विभागो के डाक्टर को समान कार्य, समान वेतन मिलेगा। चिकित्सा छात्रों के ग्रामीण क्षेत्रों में अनिवार्य सेवा संबंधी बांड राशि का युक्तियुक्तकरण होगा। सहायक प्राध्यापक के विलोपित वेतनमान में सुधार किया जायेगा। शहर के 11 नर्सिंग होम की शिफ्टिंग के नियम सरल किए जायेंगे।

प्रदेश में बिछाया जा रहा है स्वास्थ्य सुविधाओं का जाल
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का जाल बिछाया जा रहा है। शरीर स्वस्थ रहे इससे बड़ा सुख कोई नहीं हो सकता। डॉक्टरों का लोगों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण योगदान होता है। मरीजों, गरीबों को बेहतर इलाज और आज की चिकित्सा आवश्यकताओं की पूर्ति करने के उद्देश्य से यह नवीन भवन तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टर्स जनता को बेहतर चिकित्सा की सुविधाएँ दें, सरकार उनकी सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहने देगी। उन्होंने भोपाल गैस त्रासदी और कोविड के दौर में चिकित्सकों और शासकीय अस्पतालों की भूमिका को अद्भुत बताया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आधारशिला पुस्तक का विमोचन भी किया।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का सबसे तेज गति से विकास करने वाला राज्य बन गया है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को जाता है। किसी भी राज्य के लिए स्वास्थ्य एवं शिक्षा आधारभूत आवश्यकताएँ हैं। प्रदेश में इसके लिए बेहतर ढंग से कार्य हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications