तेज-तर्रार लेडी IAS स्वाति मीणा का VIDEO वायरल, कर रही हैं दनादन फायरिंग
भोपाल। रेत माइनिंग माफियाओं के लिए खौफ का नाम बन चुकीं खंडवा की डीएम IAS स्वाति मीणा नायक विवादों में आ गई हैं। तेज तर्रार और निर्भिक लेडी IAS अधिकारी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो हर्ष फायरिंग कर रही हैं। मामला दशहरे वाले दिन का है।

इस मौके पर खंडवा पुलिस लाइन के माल खाने में रखे पिस्टल, इंसास, एके-47, थ्री नॉट थ्री सहित अन्य शस्त्रों की पूजा की गई। पूजा के बाद कलेक्टर स्वाति मीणा ने पिस्टल से दनादन गोलियां दागीं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से गहमागहमी बनी हुई है।
वीडियो लेकर मचा है घमासान
स्वाति मीणा के इस वीडियो को लेकर घमासान मचा हुआ है। यहां तक कि इस वीडियो को ट्वीट कर पीएमओ तक को टैग कर दिया गया है। घटना के बाद कई लोग इस पर सवाल भी उठा रहे हैं।
एसपी करते हैं फायर
आम तौर पर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा के दौरान पुलिस के एसपी हर्ष फायर करते हैं। लेकिन जब स्वाति ने फायरिंग की तो उस वक्त उनके साथ खंडवा के एसपी महेंद्र सिंह सिकरवार भी मौजूद थे।
रेत माफियाओं में खौफ है स्वाति मीणा का
2008 बैच की आईएएस अधिकारी मीणा की गिनती प्रदेश के तेज तर्रार अफसरों में होती है। स्वाति मीणा को 'नो नॉनसेंस एडमिनिस्ट्रेटर' के रूप में भी जाना जाता है। वे अपने काम के प्रति इतनी ईमानदार हैं कि अपने काम में किसी तरह से भी 'राजनेताओं का हस्तक्षेप' और निकम्मे अधिकारियों को पसंद नहीं करती।
स्वाति ने नर्मदा के रेत और माईनिंग माफियाओं पर प्रतिबंध लगाकर खूब सुर्खियां बटोरी थी। कहते हैं डीएम स्वाति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी फील्ड में जाकर लोगों की समस्याओं को सुनना और उसे दूर करना पसंद करती हैं।












Click it and Unblock the Notifications