आईएएस अधिकारियों के परिवारों ने जरूरतमंदों के लिए उपलब्ध करवाई राशन के 300 पैकेट
भोपाल, 29 मई। आईएएस अधिकारियों के परिवारों द्वारा शहर के विभिन्न गरीब बस्तियों में वितरण करने के लिए 300 से अधिक सूखे राशन के पैकेट नगर निगम द्वारा संचालित दीनदयाल रसोई को दान के रूप में उपलब्ध कराए गए। इन्हें गरीब बस्तियों में ले जाकर वितरित किया जा रहा है, ताकि कोरोना महामारी की इस विकट घड़ी में उन्हें परेशान न होना पड़े।

गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए भोपाल में लंबे समय से कोरोना कर्फ्यू चल रहा है। इसका असर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की आजीविका पर पड़ा है। इस परिस्थिति में ये राशन किट इन परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। राशन किट में आटा, दाल, चावल, शक्कर, तेल सहित अन्य जरूरी खाद्य सामग्री शामिल है।
राशन किट उपलब्ध कराने में मुख्य रूप से उदिता श्रीवास्तव, गीता नरहरि, संध्या शुक्ला, पूजा लोकेश जाटव, मेधा लवानिया द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। शहर की विभिन्न गरीब बस्तियों जैसे संजय नगर, श्याम नगर, मांडवा, 40 क्वार्टर, कोलार अंबेडकर नगर, ईश्वर नगर, बंजारी बस्ती, पद्मनाभ नगर, रविदास नगर, सूरज नगर में नेहरू युवा केंद्र के वालंटियर द्वारा इन राशन पैकेट को वितरित किया गया है।
दीनदयाल रसोई के माध्यम से मदद
निगमायुक्त केवीएस चौधरी कोलसानी ने कहा कि संकट के समय में हम एक-दूसरे का सहयोग करके ही आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने दानदाताओं का आभार व्यक्त किया और अन्य नागरिकों को भी इस पुनीत कार्य में आगे आकर सहयोग करने का अनुरोध किया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दीनदयाल रसोई की व्यवस्था के माध्यम से नगर निगम हर जरूरतमंद तक भोजन पहुंचने का प्रयास कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications