अगर एकजुट नहीं रहे तो मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 कांग्रेस का आखिरी चुनाव होगा-दिग्विजय सिंह
भोपाल, 19 फरवरी। अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खास नसीहत दी है, जिसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह कह रहे हैं कि अगर कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट नहीं हुए तो मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 पार्टी का आखिर चुनाव होगा।
वायरल वीडियो एमपी के रतलाम के सर्किट हाउस का है। यहां पर रतलाम दौरे के दौरान दिग्विजय सिंह स्थानीय कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे है।
दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि आप सभी आप सभी आमने-सामने बात करने के लिए तैयार नहीं हैं। कोई इधर खड़ा है तो कोई उधर। तीसरा व्यक्ति कहीं और है। चीजें इस तरह से काम नहीं करेंगी।
दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि मैं आपको बताना चाह रहा हूं कि यदि आप ईमानदारी से चुनाव में हिस्सा नहीं लिया तो यह पार्टी का आखिरी विधानसभा चुनाव होगा। घर बैठे रहोगे तो मध्य प्रदेश में कांग्रेस कभी सरकार नहीं बना पाएगी।
बता दें कि मध्य प्रदेश में 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 में कांग्रेस 15 साल बाद सत्ता में आने में सफल रही थी। कमलनाथ सीएम बने थे, मगर ज्योतिरादित्य सिंधिया की बगावत के चलते कमलनाथ की सरकार गिर गई और शिवराज सिंह चौहान फिर मुख्यमंत्री बने।












Click it and Unblock the Notifications