MP में कैलाश जोशी के नाम पर होगा हाटपिपल्या में ITIका नाम, सीएम शिवराज बोले तपस्वी की तरह था जोशी का जीवन
Bhopal News: एमपी में बीजेपी के दिग्गज नेता रहे पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी को बीजेपी ने भी याद किया। उनकी जयंती पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान "संत स्मरण दिवस-राजनीति के संत कैलाश जोशी" कार्यक्रम में शामिल हुए। सीएम ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें याद किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्व. कैलाश जोशी आमजन के लिए जीते थे। वे ऐसे तपस्वी व्यक्तित्व थे, जिनका कार्य और आचरण ही बोलता है। अपने लिए तो सभी जीते हैं, लेकिन कैलाश जी आम लोगों के लिए जीते थे। उनकी प्रतिबद्धता आमजन और समाज के प्रति थी।
इस कार्यक्रम में विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्व. कैलाश जोशी की जन्म-स्थली हाटपिपल्या में आईटीआई का नाम स्व. कैलाश जी के नाम से किया जाएगा। देवास के ओल्ड फ्लायओवर का नामकरण भी स्व. कैलाश जोशी जी के नाम से होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. कैलाश जी सदैव अहंकार मुक्त रहते थे। वे गीता के उस श्लोक में बताए गए सभी गुणों से युक्त थे,जिसमें सात्विक कार्यकर्ता की पहचान राग-द्वेष से रहित रहने, अहंकार से मुक्त, धैर्यवान होने और उत्साहयुक्त बने रहने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक कार्य के प्रति उनका समर्पण दिखाई देता था। वे उत्साह से भरे रहते थे। उन्होंने अन्याय के खिलाफ अनेक आंदोलन किए।
मुख्यमंत्री ने स्व. जोशी से जुड़े कुछ संस्मरण भी साझा किए। वे आमतौर पर विनम्र रहते थे, लेकिन ऐसा नहीं है कि उन्हें क्रोध न आता हो। वर्ष 1974 में भोपाल में उप चुनाव के दौरान राजधानी में एक मतदान केन्द्र पर कैलाश जी का रौद्र रूप भी देखने को मिला था। वे अव्यवस्था और अनियमितता सहन नहीं करते थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि कैलाश जी के व्यक्तित्व के पहलू चमत्कृत करते थे। आदर्श व्यवहार के धनी कैलाश जी इसलिए संत कहलाए। आधुनिक युग में संतों में कोई राजनीतिज्ञ था तो कैलाश जी और राजनीति में कोई संत थे तो कैलाश जी ही थे।












Click it and Unblock the Notifications