टिकट के दावेदारों की बढ़ती भीड़ देख पूर्व CM दिग्विजय सिंह बंगले के गेट पर हुए खड़े, लाइन लगवाकर की चर्चा
MP Election 2023: मध्य प्रदेश में साल के आखरी में विधानसभा चुनाव होना है, ऐसे में कांग्रेस और बीजेपी के कार्यालय के बाहर टिकटों को लेकर दावेदारों की जमकर भीड़ उमड़ रही है। इनमें सबसे ज्यादा भीड़ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बंगले के बाहर नजर आ रही है। जहां पर हजारों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता और पूर्व विधायक टिकट के दावेदारी के लिए पहुंचे हुए थे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिग्विजय सिंह ने किसी को निराश ना करते हुए गेट पर खड़े होकर खुद कार्यकर्ताओं से आवेदन लिए।
दिग्विजय बोले- बदलाव की लहर
राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बंगले के बाहर सुबह 11:00 से ब्लॉक प्रमुख और कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई थी। शाम होते-होते पूर्व विधायक और बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय के बंगले के बाहर लाइन लगाकर खड़े हुए थे। दिग्विजय सिंह ने भी किसी को निराश नहीं किया। उन्होंने लाइन लगवाकर बारी-बारी से सब की बातें सुनी और उनका आवेदन लिया। बढ़ती भीड़ को देखते हुए वन इंडिया के संवाददाता ने पूछा कि आखिर इतनी भीड़ क्यों? उन्होंने जवाब दिया यह बदलाव की लहर है।

अधिकारी फोन नहीं उठाते थे,आज वो मिलने का समय मांग रहे: दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह ने कहा कि जो बीजेपी वाले हमारी तरफ देखते नहीं थे, वह मुस्कुराने लगे हैं, जो अधिकारी फोन नहीं उठाते थे, वो मिलने का समय मांग रहे हैं। यह बदलाव की ओर इशारा कर रहा है। यह सारी बातें एक लक्षण है कि समय सही है। मोदी जी के अच्छे दिन तो नहीं आए, लेकिन मध्य प्रदेश की जनता के अच्छे दिन आने की पूरी संभावना है।
स्क्रिनिंग कमेटी के पास विधानसभा चुनाव के लिए करीब 5000 बायोडाटा
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आज कांग्रेस द्वारा नियुक्त कांग्रेस की स्क्रिनिंग कमेटी के अध्यक्ष भंवर जितेन्द्र सिंह और केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश भर के विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों और उनके समर्थकों से मुलाकात कर रायशुमारी की, दावेदारों ने सिंह को अपनी दावेदारी को लेकर अपने बायोडाटा सौंपे। प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस नेताओं से मुलाकात का दौरा चलता रहा। प्रदेश भर से मिलने आए दावेदारों के करीब 5000 बायोडाटा सिंह को प्राप्त हुए

जितेन्द्र सिंह ने कहा कि हजारों कांग्रेस नेताओं ने अपनी दावेदारी के लिए आवेदन किए हैं। प्रदेश में जिस प्रकार का माहौल कांग्रेस के प्रति दिखाई दे रहा है और उम्मीदवारी के लिए उत्साह का माहौल बना हुआ है, उससे प्रतीत होता है कि प्रदेश का आमजन पूरी तरह से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए आतुर है और कमलनाथ को फिर प्रदेश के मुखिया के रूप में देखना चाहती है। प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों, झूठ, फरेब और झूठी घोषणाओं, छल, कपट से व्यथित और दुखी है। प्रदेश में व्याप्त महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की दुर्दशा, महिलाओं पर अत्याचार, अजा-अजजा वर्ग पर अत्याचार से प्रदेश की जनता त्राहिमाम कर रही है।

भाजपा के पास अब बौखलाहट, प्रपंच के अलावा कुछ नहीं बचा है, कितनी भी घोषणाएं कर ले शिवराज जी लेकिन जनता अब उनके चेहरे और भाजपा को पूरी तरह नकार चुकी है। प्रदेश में कमलनाथ जी के नेतृत्व में 150 से अधिक सीटों पर अपनी जीत सुनिश्चित कर एक मजबूत और सशक्त सरकार बनाकर प्रदेश में नया इतिहास रचेगी, जिसका जनता को भी बेसब्री से इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications