Bhopal News: रोशनपुरा चौराहे पर कल जीतू पटवारी के नेतृत्व में सड़क पर होगी कांग्रेस, दिखाएंगे अपना दमखम
MP News: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश इकाईयों को निर्देशित करते हुए कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार ने लोकतंत्र पर अभूतपूर्व हमला कर आश्चर्यजनक रूप से संसद के राज्यसभा और लोकसभा के दोनों सदनों के 142 सांसदों को निलंबित कर लोकतंत्र के साथ घिनौना कृत्य किया है।
इंडिया एलायंस पार्टियों की बैठक में सर्वसम्मति से पारित निर्णय अनुसार देश की सभी प्रदेश कांग्रेस इकाईयों में 22 दिसम्बर को भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेश और जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश के सभी जिला/शहर कांग्रेेस अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मोर्चा संगठनों और विभागों के अध्यक्षों को भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए निर्देशित करते हुए कहा है कि उक्त प्रदर्शन को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश, जिला, ब्लाक पदाधिकारी, सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि, मोर्चा संगठन, विभागों, प्रकोष्ठों के जिला एवं प्रदेश पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजनों एवं कार्यकर्ताओं की अधिकाधिक उपस्थिति सुनिश्चित करें।
इसी कड़ी में राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व और जिला/ शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना और ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष अरूण श्रीवास्तव के तत्वावधान में शुक्रवार, 22 दिसम्बर को राजधानी के रोशनपुरा चौराहे स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय के समीप दोपहर 12 बजे से उक्त धरना प्रदर्शन किया जायेगा। सक्सेना ने प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, भोपाल जिला कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से उक्त धरना प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया है।












Click it and Unblock the Notifications