नेता प्रतिपक्ष हेतु कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित, हाईकमान करेगा फैसला
मध्य विधानसभा के लिए नेता प्रतिपक्ष चयन हेतु आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस विधायक दल की आवश्यक बैठक संपन्न हुई। बैठक में शामिल हुए सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव पर समर्थन देते हुए नेता प्रतिपक्ष के चयन का निर्णय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर छोड़ा है।
कांग्रेस कमेटी के महासचिव, प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और कांग्रेस विधानसभा चुनाव स्क्रूटनी कमेटी के चेयरमेन भंवर जितेन्द्र सिंह की उपस्थिति में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, अभा कांग्रेस कमेटी के सचिव सह प्रभारी संजय कपूर, कुलदीप इंदौरा, सीपी मित्तल, संजय दत्त और शिव भाटिया बैठक में विषय रूप से मंच पर उपस्थित थे।

बैठक के बाद सुरजेवाला और भंवर ने सभी विधायकों से वन-टू-वन चर्चा कर आगामी रणनीति पर रायशुमारी की। दिनभर चली बैठक में सभी विधायकों ने अपने सुझाव दोनों नेताओं के समक्ष सांझा किए।
सुरजेवाल ने मीडिया से चर्चा करते हुये कहा कि सभी विधायक साथियों ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर नेता प्रतिपक्ष चयन का निर्णय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर छोड़ा है। सभी विधायकों ने पार्टी की मजबूती के लिए अपनी-अपनी राय दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विपक्ष में सजग प्रहरी और पहरेदार की भूमिका निभाते हुये सदन से लेकर सड़क तक प्रदेश की जनता की आवाज उठाएगी।
प्रदेश की प्रगति के लिए सरकार जो कदम उठाएगी उसमें हम उनका पूरा सहयोग करेंगे, जो वादे बीजेपी ने किए हैं हम सुनिश्चित करेंगे कि वह वादे भाजपा पूरा करें और जहां-जहां सरकार अपनी जिम्मेदारी में कोताही बरतेगी हम सजग प्रहरी के रूप में उसका बोध कराते हुये जनता के लिए आवाज उठाएंगे। हम सभी मिलकर विधानसभा और विधानसभा के बाहर प्रहरी और पहरेदार के तौर पर अहम भूमिका निभाएंगे और सरकार को सुनिश्चित कराएंगे कि वह अपनी जिम्मेदारी पर खरी उतरेगी।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया, पूर्व उपाध्यक्ष मप्र विधानसभा डॉ. राजेन्द्र सिंह, विधायकगण रामनिवास रावत, ओंकारसिंह मरकाम, उमंग सिंघार, बाला बच्चन, जयवर्धन सिंह, आरिफ मसूद, डॉ विक्रांत भूरिया, सुरेश राजे, फूलसिंह बरैया, राजेन्द्र भारती, सिद्धार्थ कुशवाहा, लखन घनघौरिया, संजय उइके, अनुभा मुंजारे, अनिता पटेल, आरके दोगने, सुरेन्द्र सिंह हनी बघेल, डॉ हीरालाल अलावा सहित कांग्रेस के सभी विधायक बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने किया।












Click it and Unblock the Notifications