मुख्यमंत्री शिवराज ने कलेक्टर को लगाई जमकर फटकार, कहां- इधर-उधर मुंडी मत हिलाओ
भू अधिकार योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में बुरहानपुर कलेक्टर के इधर-उधर देखने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें फटकार लगा दी। सीएम ने कलेक्टर से कहा कि प्रवीण, जब मैं बोल रहा हूं तो तुम्हें बोलने का अधिकार नहीं है।
भोपाल,19 मई। भू अधिकार योजना के वर्चुअली कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 'बुरहानपुर कलेक्टर' पर भड़क गए। बैठक के बीच कलेक्टर प्रवीण सिंह की गतिविधि देख, सीएम को गुस्सा आ गया। उन्होंने डांटते हुए कहा कि कलेक्टर बुरहानपुर इधर-उधर मुंडी नहीं हिलाएं। सीधे देखें। प्रवीण, जब मैं बोल रहा हूं तो तुम्हें बोलने का अधिकार नहीं है ।
आपको बता दें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार को मंत्रालय से भू अधिकार योजना के तहत भू अधिकार पत्र एवं स्थाई पट्टे का वितरण वर्चुअली कार्यक्रम के माध्यम से किया। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधि और हितग्राही शामिल हुए। सीएम शिवराज कह रहे थे कि मैं जनप्रतिनिधियों से अपील करना चाहता हूं। सीएम का संबोधन पूरा होने ही वाला था कि बुरहानपुर कलेक्टर प्रवीण सिंह की गतिविधियों को देख सीएम को गुस्सा आ गया। सीएम ने मीटिंग के बीच में ही उन्हें जमकर फटकार लगा दी। उनका कहना था कि मेरी नजर हर गतिविधि पर रहती है। इस दौरान राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी मौजूद रहे।

भू-अधिकार योजना के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रचारित करें
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नगरीय भू-अधिकार योजना के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रचारित करें। 2018 तक के जिनके कब्जे हैं उनको अधिकार दिलाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही आदेश निकल जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज मैं अपना महासंकल्प घोषित कर रहा हूं कि जिस गरीब के पास रहने की जमीन का टुकड़ा नहीं है, उसको रहने की जमीन का टुकड़ा देकर जमीन का मालिक बनाकर ही हम चैन की सांस लेंगे।

सड़क पर बच्चे भीख मांगते दिखाई ना दे : CM
सीएम शिवराज ने कहा कि मैं सभी से अपील करता हूं कि आपके शहर में अगर कोई बच्चा ऐसा है जो कहीं भीख मांगता है तो वह हम सबके लिए शर्म की बात है। ऐसे बच्चों को समझाएं। कलेक्टर की जवाबदारी है कि तत्काल ऐसे बच्चों के लिए आश्रय की व्यवस्था करें। उसकी पढ़ाई, कपड़े, भोजन आदि के खर्चे की व्यवस्था हम करेंगे।

गरीब को मिलेगा जमीन का अधिकार
सीएम शिवराज ने कहा कि कई लोग तीन-तीन पीढ़ी से रह रहे हैं। जमीन पर उनका कब्जा है। मकान बन गया है, लेकिन भूमि पर अधिकार नहीं है। इसलिए आपकी तकलीफ को दूर करने के लिए हमने 'मुख्यमंत्री नगरीय भू-अधिकार योजना' बनाई, ताकि लोगों को उनकी जमीन का अधिकार मिल सके।
उन्होंने कहा कि आज मैं अपना महासंकल्प घोषित कर रहा हूं कि जिस गरीब के पास रहने की जमीन का टुकड़ा नहीं है, उसको रहने की जमीन का टुकड़ा देकर जमीन का मालिक बनाकर ही हम चैन की सांस लेंगे।

भू-अधिकार पत्र एवं स्थाई पट्टे का वितरण
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि मैं और मेरी सरकार आपकी जिंदगी में बदलाव और परिवर्तन लाने के लिए है। आपके चेहरे पर मुस्कुराहट आए, खुशी आए। आपकी जिंदगी को बेहतर बना पाएं, सरकार चलाने का हमारा यही मकसद है।
मुख्यमंत्री शिवराज ने 'मुख्यमंत्री भू-अधिकार' योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को भू-अधिकार पत्र एवं स्थाई पट्टे का वितरण कर शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications