Bhopal News: मौसम का बदलाव पड़ रहा भारी, कानों पर वायरस अटैक, 1 महीने में आठ बच्चे हुए बहरेपन का शिकार
Bhopal News: राजधानी भोपाल में मौसम के बदलाव के साथ बच्चों के कानों पर भी नए तरह के वायरस का अटैक हो रहा है। इस वायरस के चलते जहां बच्चे 7 से 8 दिन तक बीमार रहते है, वहीं सुनने की क्षमता तक खो देते हैं। इस वायरस के चलते एक महीने में ही आठ बच्चे बहरेपन का शिकार हो गए हैं।
डॉक्टर के मुताबिक इस वायरस को मम्प्स कहा जाता है। सबसे बड़ी बात यह है कि अब तक बच्चों में होने वाला यह संक्रमण इस बार बड़ों में भी हो रहा है। अकेले हमीदिया अस्पताल में ही हर रोज इसके 15 से 20 मामले पहुंच रहे हैं।

खांसने छींकने से फैलता है संक्रमण
हमीदिया अस्पताल के ईएनटी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉक्टर यशवीर केपे बताते हैं कि इस मौसम में यह बीमारी होती है, लेकिन इस बार मम्प्स से संक्रमित बच्चों की संख्या बहुत ज्यादा है। यह संक्रमण बीमारी है, जो खांसने और छींकने से एक से दूसरे व्यक्ति में फैलती है। अगर समय पर इलाज मिले तो मम्प्स से संक्रमित बच्चे करीब दो सप्ताह में ठीक हो जाते हैं।
मम्प्स से होती है गालों में सूजन की समस्या
मम्प्स के कारण गले में सूजन आ जाती है। जिस कारण मरीज को भोजन करने पानी पीने आदि में दिक्कत होती है। अक्सर सर्दी से गर्मियों की शुरुआत में ही बीमारी ज्यादा सामने आती है। कहा जाता है कि हर व्यक्ति को जीवन में एक बार बीमारी जरूर होती है। मरीज को गले में सूजन होने पर तत्काल डॉक्टर को दिखाना चाहिए। साथ ही दवा लेकर आराम करना चाहिए।

बच्चों के साथ बड़े भी हो रहे शिकार, वैक्सीनेशन कार्यक्रम में शामिल हो
निजी अस्पताल के वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञ डॉक्टर आकाश ग्रेवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह एक वायरस बीमारी है, लेकिन इस बार बड़ों को भी यह परेशानी हो रही है। इसका बड़ा कारण वायरस में बदलाव हो सकता है। इसके लिए स्टडी की जानी चाहिए। इसके साथ ही इसे सरकारी वैक्सीनेशन कार्यक्रम में भी शामिल किया जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications