धर्म की रक्षा करने वाले ब्राह्मणों के कल्याण के लिए ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की स्थापना की जाएगी: CM शिवराज
चुनाव से पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्राह्मणों के लिए बड़ी घोषणा की है उन्होंने कहा है कि ब्राह्मणों के कल्याण के लिए ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की स्थापना की जाएगी।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्राह्मणों की एक बड़ी घोषणा की है उन्होंने कहा कि धर्म-संस्कृति की रक्षा करने वाले ब्राह्मणों के कल्याण के लिए ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की स्थापना की जाएगी। सीएम शिवराज ने कहा कि अब हमने एक निर्णय और लिया है कि मंदिरों की गतिविधियों पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं रहेगा। जितनी जमीन मंदिरों के नाम है, उनको कलेक्टर नीलाम नहीं करेंगे, बल्कि उनको पुजारी ही नीलाम कर सकेंगे।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने यह बात मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित अक्षय उत्सव कार्यक्रम में कही। उन्होंने भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष में कहा कि भगवान परशुराम को न्याय के देवता के रूप में जाना जाता है। उन्होंने आततायियों का नाश करने के लिए फरसा उठाया था। उनकी प्रेरणा से मध्यप्रदेश की धरती पर गुंडे, बदमाश, नक्सलियों की खैर नहीं है। प्रदेश सरकार पूरी ताकत के साथ अभियान चला रही है।
पुजारियों को प्रति माह ₹5 हजार भत्ता
सीएम शिवराज ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 3,547 संस्कृत शिक्षकों की नियुक्त कर दी गई है। प्रदेश के मंदिरों के पुजारियों को प्रति माह ₹5 हजार भत्ता और संस्कृत पढ़ने वाले कर्मकांडी बच्चों को स्कॉलरशिप देने की पहल की गई है। गुफा मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल भवन बनेगा।
सीएम शिवराज ने कहा कि भगवान परशुराम ने त्रेता युग में भगवान श्रीराम को धनुष दिया। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण को सुदर्शन चक्र दिया। देवव्रत भीष्म के गुरु भी भगवान परशुराम हैं। कौरव और पांडव को महारथी बनाने वाले गुरु द्रोण के गुरु भी भगवान परशुराम ही हैं। ब्राह्मण विद्वानों ने भारत में धर्म, अध्यात्म, ज्ञान-विज्ञान, योग, आयुर्वेद, परंपरा, संस्कृति इन सबको श्रुति और स्मृतियों के माध्यम से बचाने का काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications