Bhopal News: भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने फ्री में दिखाई 125 महिलाओं को फिल्म द केरल स्टोरी
मध्यप्रदेश में फिल्म 'द केरल स्टोरी' को टैक्स फ्री करने के बाद भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा 125 महिलाओं को फ्री में फिल्म दिखाने के लिए कोलार के सिनेमा घर पहुंचे।

मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री हुई फिल्म केरल स्टोरी इन दिनों चर्चाओं का विषय बनी हुई है। भोपाल शहर के अलग-अलग सिनेमाघरों में लोग फिल्म देखने के लिए पहुंच रहे हैं। रविवार को हुजूर विधान सभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने 125 महिलाओं को फ्री में द केरल स्टोरी फिल्म दिखाई।
भोपाल कोलार के मंदाकिनी में स्थित सिनेमा घर में द केरल स्टोरी देखने के लिए भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ 125 महिलाएं पहुंची। विधायक ने बताया कि यह मूवी बहनों को इसलिए दिखाई जा रही है क्योंकि इससे लोगों को एक विशेष धर्म के कट्टरवाद का पता चल सके। नई पीढ़ी के लोग जागरूक हो, कि कैसे एक धर्म विशेष के लोग हिंदुओं को बहला-फुसलाकर धर्मांतरण करा रहे हैं।
फिल्म देखने के बाद महिलाओं ने कहा कि फिल्म में सच्चाई दिखाई गई है हमें फिल्म देखकर सच का पता चला विधायक शर्मा ने कहा कि फिल्म को टैक्स फ्री करने के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान का मैं आभारी हूं। सत्य घटना पर आधारित यह फिल्म इस्लामिक कट्टरवाद एवं जिहाद के घिनौने चेहरे को प्रदर्शित कर रही है। कांग्रेस जो कभी-कभी हिंदू बनने का ढोंग करती है वह अपने-अपने शासित प्रदेशों में इस फिल्म को टैक्स फ्री करें। इस्लामिक कट्टरवाद का खुलासा होने दे। आखिरकार कांग्रेस शासित प्रदेश में फिल्म को टैक्स फ्री क्यों नहीं किया जा रहा है?
वहीं पूर्व मंत्री और दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक पीसी शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार फिल्म पर राजनीति कर रही है। विकास कार्य कराए नहीं। सीएम ने माहौल बनाने के लिए फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया है। भाजपा के नेता फिल्म का प्रचार प्रसार कर रहे हैं यदि विकास कार्य कराए जाते, युवाओं को रोजगार दिया जाता, तो ऐसा नहीं करना पड़ता। यदि केरल में ऐसा हो रहा है तो केंद्र सरकार ने कमान अपने हाथ में लेकर कार्रवाई क्यों नहीं की? धर्मांतरण क्यों होने दे रही है। टैक्स में छूट देना है तो सरकार लोगों को संपत्ति, पानी के टैक्स में छूट क्यों नहीं देती।












Click it and Unblock the Notifications