शिवराज सिंह चौहान सरकार का बड़ा फैसला, प्रदेश की कृषि मंडियों में खोले जाएंगे किसान क्लीनिक
भोपाल। नए कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन के बीच किसानों को खुश करने के लिए मध्य प्रदेश सरकार जल्द ही बड़ा कदम उठाने जा रही है। मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार किसानों के लिए प्रदेश की मंडियों में किसान क्लीनिक खोलेगी।इस बात की घोषणा करते हुए शिवराज सिंह चौहान सरकार के कृषि मंत्री कमल पटेल कहा कि किसानों को बेहतर और अच्छा इलाज मिले, इसलिए सरकार प्रदेशभर के मंडियों में किसान क्लीनिक खोलने जा रही है। जिसके तहत किसानों को मुफ्त इलाज मिलेगा।

कृषि मंत्री कमल पटेल ने यह भी कहा कि किसानों को किसान मंडियों में बाजार की तुलना में 50 फीसदी कम दाम पर दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही किसान क्लीनिक में डॉक्टरों की भर्ती के लिए विज्ञापन निकाला जाएगा। इस तरह की आदर्श मंडी की शुरुआत हरदा जिले से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि यह अफवाह फैलाई जा रही है कि मंडियां बंद हो रही है, जबकि न मंडियां बंद होंगी और न ही फसलों से एमएसपी हटेगा। मंडियां बंद होने के बजाय अब स्मार्ट होंगी। उधर, किसान क्लीनिक को लेकर प्रदेश की विपक्षी पार्टी कांग्रेस हमलावर हो गई है।
प्रदेश के पूर्व मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि जो सरकारी अस्पताल है, उनकी स्वास्थ्य व्यवस्था वेंटिलेटर पर हैं। कहीं डॉक्टर नहीं है तो कहीं संसाधनों की भारी कमी है। लोगों को बेहतर इलाज ना मिलने के चलते लोग मर रहे हैं, लेकिन सरकार सिर्फ जुमलेबाजी कर रही है। जो व्यवस्था है उसको संभालने की जगह नए- नए शिगूफे बाजी सरकार कर रही है। शहडोल,सागर, सतना में बच्चों की मौतों के आंकड़े लचर स्वास्थ्य व्यवस्था का उदाहरण है।












Click it and Unblock the Notifications