Bhopal News : मंगलवार के दिन मटन बनाने पर पति-पत्नी में विवाद, बीच-बचाव करने गए युवक की पति ने ले ली जान
भोपाल के बिलखिरिया इलाके में मंगलवार के दिन घर में मटन बनाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। बीच-बचाव करने गए पड़ोसी युवक की पति ने हत्या कर दी और फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ जारी है।
राजधानी भोपाल के बिलखिरिया थाना इलाके में मंगलवार के दिन घर में मटन बनाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पति-पत्नी को बेरहमी से पीटने लगा। पिट रही पत्नी जोर-जोर से चिल्लाने लगी बचाओ बचाओ। मदद की गुहार सुनकर पड़ोस में रहने वाला बल्लू दोनों को समझाने घर पर पहुंचा और झगड़ा शांत करा दिया। इस घटना के कुछ देर बाद ही पत्नी से झगड़ा और मारपीट करने वाला आरोपी पड़ोसी बल्लू के घर डंडा लेकर पहुंचा। आरोपी पप्पू अहिरवार ने बल्लू के सिर पर डंडा मारकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी ने बताया कि सागर मोहल्ला छावनी पठार निवासी बल्लू पुत्र बाबूलाल मेहनत मजदूरी करता था कल रात उसके मोहल्ले में रहने वाला पप्पू अहिरवार अपने घर में मटन बना रहा था। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी कुंती बाई ने पप्पू को मंगलवार के दिन घर में मटन बनाने से मना किया, तो वे झगड़ा करने लगा। उसने कुंती बाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुंती बाई की चीख-पुकार सुनकर बल्लू बीच बचाव करने के लिए उनके घर पर पहुंचा। जहां पर दोनों को शांत कराया।
करीब 1 घंटे बाद आरोपी पप्पू अहिरवार घर से डंडा लेकर उसके घर पर पहुंचा और उसके पीछे से बल्लू के सिर व चेहरे और पेट पर हमला कर दिया। इससे सिर में गंभीर चोट आने के कारण बल्लू की मौके पर ही मौत हो गई थाना प्रभारी चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी पप्पू अहिरवार के खिलाफ उसकी पत्नी कुंती बाई ने भी मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर मानव समाज को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि मानव कितना हैवान होता जा रहा है। चिकन मटन खाने जैसी बातों को लेकर वो हत्या करने लगा है। अगर आप भी इस घटना के बारे में कुछ कहना चाहते हैं,तो खबर के नीचे कमेंट करके अपनी राय अवश्य दें।












Click it and Unblock the Notifications