अमित शाह ने विजय संकल्प अभियान की शुरुआत करने का दिया है निर्देश: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा
Bhopal BJP News: भाजपा के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को भारत सरकार के गृहमंत्री अमित शाह ने बीजेपी के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि बैठक में अमित शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव में विजय की रणनीति के साथ पार्टी की तैयारियों पर गहराई से मंथन किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि 'प्रदेश की राजनीतिक परिस्थिति का गहराई के साथ सूक्ष्म विश्लेषण शाह के नेतृत्व में किया गया। मध्यप्रदेश चुनाव में विजय की रणनीति पर मंथन हुआ है। भाजपा संगठन की सुदृढ़ता के साथ जिन कार्यक्रमों की हमने तैयारी की है, उनकी समीक्षा करने के बाद शाह ने ऐलान किया है कि प्रदेश में विजय संकल्प अभियान की शुरुआत की जाएगी।'

वीडी शर्मा ने कहा कि इस अभियान की तारीखों का ऐलान जल्द कर दिया जाएगा। शाह ने मध्यप्रदेश की क्षेत्रवार राजनीतिक स्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने सियासी बयानबाजी और हालिया घटनाक्रमों को लेकर भी चर्चा की। किस तरह के राजनीतिक फैक्टर किस क्षेत्र में काम कर रहे हैं, इन सब पर भी बारीकी से बात की।
इससे पहले केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित रात 8 बजे भोपाल पहुंचे। जहां सीएम शिवराज सिंह चौहान सहित पूरी कैबिनेट ने स्टेट हैंगर पर उनका स्वागत सम्मान किया। बता दे शाह भोपाल में 4 घंटे प्रवास के दौरान प्रदेश के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, कोर कमेटी के सदस्य और अन्य नेताओं के साथ बैठक करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications