दक्षिण कोरिया में चल रहे ISSF विश्व कप में मध्यप्रदेश के ऐश्वर्य प्रताप तोमर ने जीता स्वर्ण पदक
ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर मध्यप्रदेश के युवा निशानेबाज ने आईएसएसएफ राइफल/ पिस्टल/ शॉटगन विश्व कप के पुरुषों के 50 मीटर थ्री पोजीशन्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। सीएम शिवराज ने ऐश्वर्य को गोल्ड जीतने पर दी बधाई।
भोपाल,17 जुलाई। शनिवार का दिन मध्यप्रदेश के खेल जगत के लिए स्वर्णिम रहा। मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के ऐश्वर्य प्रताप तोमर ने दक्षिण कोरिया में आईएसएसएफ विश्व कप में 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन इवेंट में शानदार प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक हासिल कर भारत और मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है। ऐश्वर्य (Aishwarya) की इस उपलब्धि के लिए स्पोर्ट जगत की कई हस्तियों ने उन्हें बधाई दी है। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने हंगरी के ज़ालान पेक्लर को 16-12 से हरा कर स्वर्ण पदक जीता।
ऐश्वर्य का जन्म मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के रतनपुर गाँव में तीन बच्चों में सबसे छोटे किसान राजपूत परिवार में हुआ था। वह अक्सर अपने पिता ठाकुर वीर बहादुर सिंह तोमर जी जो की एक जमींदार हैं, के साथ शिकार पर जाता था और अपने चचेरे भाई नवदीप सिंह से खेल शूटिंग के बारे में सीखा। तोमर ने 2015 में भोपाल में मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण शुरू किया।

सीएम शिवराज ने ऐश्वर्य को दी बधाई
जूनियर विश्व चैंपियन 21 वर्षीय ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने पुरूषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन (3पी) स्पर्धा में हंगरी के ज़कान पेक्लर को 16-12 से हरा कर स्वर्ण पदक जीता। ऐश्वर्य का यह दूसरा आईएसएसएफ विश्व कप स्वर्ण पदक है।
सीएम शिवराज ने ऐश्वर्य को बधाई देते हुए कहा है कि ऐश्वर्य ने अपने अद्भुत और अद्वितीय खेल से देश और मध्यप्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। सीएम ने कहा कि ऐसे ही हमारे खिलाड़ी प्रदर्शन करते रहेंगे तो उन्हें बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार हर संभव प्रयास करेगी।

खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने ऐश्वर्य को दी बधाई
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने ऐश्वर्य को बधाई देते हुए कहा कि ऐश्वर्य ने विश्व पटल पर अपनी स्वर्णिम चमक बिखेरी है। उनकी जीत से मैं अभिभूत और गौरवान्वित हूँ। मुझे इस बात की ख़ुशी है कि विभाग और हमारे प्रशिक्षकों की मेहनत और खिलाड़ियों के जुनून एवं लगन से अंतरराष्ट्रीय पटल पर मध्यप्रदेश ने एक अलग पहचान स्थापित की है।

सेलिंग के खिलाड़ियों ने भी जीते पदक
हैदराबाद के हुसैन सागर लेक में 12-17 जुलाई तक 13वें मानसून रेगाटा 2022 (YAI नेशनल रैंकिंग) में भी म.प्र. सेलिंग अकादमी के शशांक बाथम ने स्वर्ण, एकलव्य बाथम ने रजत, अकादमी की दिव्यांशी मिश्रा ने बालिकाओं की स्पर्धा में स्वर्ण पदक और शगुन ने कांस्य पदक हासिल किया है।

2022 सर्वोच्च खेल पुरस्कार एकलव्य के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 16 अगस्त
एमपी के साल 2022 सर्वोच्च खेल पुरस्कार एकलव्य, विक्रम, विश्वामित्र, लाइफ़टाइम अचीवमेंट एवं स्वर्गीय प्रभाष जोशी पुरस्कारों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त निर्धारित की गई है। खेल पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के "अनुदान" ऐप पर किए जा सकते हैं।
आवेदन विभागीय वेबसाइट पर दी गई लिंक अथवा सीधे http://anudan.dsywmp.gov.in पर भी किये जा सकते हैं।
खेल और युवा कल्याण विभाग के नियम 2021 के अनुसार विगत 5 वर्षों (1 अप्रैल 2017-31 मार्च 2022) में अर्जित खेल उपलब्धियों के आधार पर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साहसिक खेल (समुद्र, ज़मीन एवं वायु आधारित) के खिलाड़ियों को विक्रम एवं एकलव्य पुरस्कार दिए जाएंगे।
आवेदक को ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसकी प्रति जिस पर पंजीयन क्रमांक अंकित हो के साथ खेल प्रमाण पत्र एवं अन्य अभिलेखों की छाया प्रति संबंधित जिला खेल और युवा कल्याण कार्यालय/संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण टीटी नगर स्टेडियम भोपाल में 16 अगस्त तक जमा कराना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन मान्य नहीं किए जाएंगे।
सर्वोच्च राज्य खेल पुरस्कार एकलव्य में 15 खिलाड़ियों को 1-1 लाख रूपये दिए जाएंगे। विक्रम पुरस्कार 12 खिलाड़ियों को 2-2 लाख रूपये, विश्वामित्र पुरस्कार तीन प्रशिक्षकों को 2-2 लाख रुपये, मलखंब खेल के लिए दिए जाने वाले स्व. प्रभाष जोशी पुरस्कार के लिए 2 लाख रूपये तथा लाइफ़टाइम अचीवमेंट अवार्ड के लिए दो लाख रूपये का पुरस्कार निर्धारित है।












Click it and Unblock the Notifications