नर्मदा नदी के संरक्षण के लिए कराया जाएगा 1 करोड़ 32 लाख पौधों का रोपण : वन मंत्री शाह
मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी नदी नर्मदा को संरक्षण देने के लिए मंत्री विजय शाह ने बड़ी घोषणा की उन्होंने बताया कि 5 जून को नर्मदा नदी के जल-ग्रहण क्षेत्र में वृक्षारोपण संकल्प दिवस के रूप में मनाया जायेगा।
भोपाल,2 जून। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लगातार प्रदेश में वृक्षारोपण को लेकर मुहिम चलाई जा रही है। सीएम शिवराज खुद डेली वृक्षारोपण करते हैं। साथ ही पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए संदेश भी देते है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए वन मंत्री ने नर्मदा नदी के संरक्षण के लिए बड़ी घोषणा की है। वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा है कि नर्मदा जलागम क्षेत्र में स्थानीय समुदायों के सहयोग से 18 हजार 406 हेक्टेयर क्षेत्र में एक करोड़ 32 लाख पौधों का रोपण कराया जायेगा। इन क्षेत्रों के स्थानीय वन प्रजातियों के पौधों का प्राथमिकता के आधार पर रोपण कराया जायेगा।

वन मंत्री डॉ. शाह ने बताया कि प्रदेश की जीवन-रेखा नर्मदा नदी की जलधारा को अविरल और निर्मल बनाए रखने के लिए नर्मदा नदी के जल-ग्रहण क्षेत्र में स्थित वन क्षेत्रों के पुनर्स्थापन के उद्देश्य से इस वर्ष व्यापक स्तर पर पौध-रोपण करने का निर्णय लिया गया है।
विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) संकल्प दिवस के रूप में मनेगा
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून नर्मदा नदी के जल-ग्रहण क्षेत्र में वृक्षारोपण संकल्प दिवस के रूप में मनाया जायेगा। वन विभाग द्वारा इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिये गये हैं। वनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिये क्षेत्रीय इकाइयों द्वारा स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं सहित जन-प्रतिनिधियों और शासकीय विभागों का सक्रिय सहयोग लिया जायेगा।

पौध-रोपण की तैयारियां पूर्ण
नर्मदा नदी के जल-ग्रहण क्षेत्रों में पौध-रोपण की तैयारियाँ पूरी की जा चुकी हैं। इस वर्ष वर्षा ऋतु में वन-भूमियों पर किये जा रहे पौध-रोपण को "वृक्षारोपण मॉनिटरिंग सिस्टम'' पर पंजीकृत करने के निर्देश दिये गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications