भिंड में बीजेपी नेता के विवादित बोल , कहा- 'बेईमानी से चुनाव जिताया था, मुख्यमंत्री की बात नहीं मानेंगे'
भिंड में बीजेपी नेता केपी सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है, इस वीडियो में केपी सिंह विवादित बयान देते नजर आ रहे है
भिंड, 7 अगस्त। भिंड के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी नेता केपी सिंह भदोरिया के विवादित बोल का एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में जहां केपी सिंह चुनाव में गड़बड़ी करने की बात स्वीकार कर रहे हैं, वहीं वे मुख्यमंत्री तक के लिए टिप्पणी करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी में हलचल तेज हो गई है।पूरा मामला भिंड जिले के मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के अकलौनी गांव से जुड़ा हुआ है।

अकलौनी गांव पहुंचे थे बीजेपी नेता केपी सिंह
बताया जा रहा है कि बीजेपी नेता केपी सिंह अकलौनी गांव पहुंचे थे। वहां उन्होंने ग्रामीणों के बीच भाषणबाजी करते हुए कई विवादित बोल कह दिए। केपी सिंह भदोरिया ने न केवल इस बात को स्वीकार किया कि उन्होंने एक चुनाव में बेईमानी करवाते हुए एक प्रत्याशी को जितवा दिया, उन्होंने एसडीएम और कलेक्टर पर दबाव बनाते हुए बेईमानी करके जितवा दिया, वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेकर कह दिया कि वे मुख्यमंत्री की बात पहले भी नहीं मानते थे और इस बार भी नहीं मानने वाले थे, उन्होंने सोच लिया था कि वह अध्यक्ष बन के रहेंगे।
ग्रामीणों के बीच जातिवाद को बढ़ावा देते देखे केपी सिंह
बीजेपी नेता केपी सिंह भदोरिया ग्रामीणों के बीच जातिवाद को बढ़ावा देते हुए भी दिखे। उन्होंने एक जाति विशेष के वर्चस्व की बात करते हुए ग्रामीणों के बीच अपनी बात रखी। वहां मौजूद किसी शख्स ने केपी सिंह भदौरिया का विवादित बोल का पूरा वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
केपी सिंह भदोरिया की बहू कामना सिंह बनी है जिला पंचायत अध्यक्ष
इस बार हुए पंचायत चुनाव में केपी सिंह भदोरिया की बहू कामना सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गई हैं। उनके जिला पंचायत अध्यक्ष चुने जाने के बाद केपी सिंह भदोरिया लगातार ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर जनता से मुलाकात कर रहे हैं और अपना स्वागत करवा रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इसी दौरान उन्होंने अकलोनी गांव में पहुंचकर यह बयान दिया है।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की रह चुके हैं अध्यक्ष
बीजेपी नेता केपी सिंह भदोरिया जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने ग्रामीणों के बीच ग्रामीणों को संबोधित करते हुए यह बात भी कही कि जब पहले वह अध्यक्ष बनना चाह रहे थे लेकिन उन्हें मुख्यमंत्री ने मना कर दिया और वह आंसू बहा कर वापस लौट आए थे, लेकिन इस बार वे किसी हाल में पीछे हटने को तैयार नहीं थे। इस बयान से यह लग रहा है कि बीजेपी नेता अपने ही मुख्यमंत्री को तवज्जो नहीं देते है।
वीडियो की पुष्टि नहीं करता है वनइंडिया
यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस मामले में जब वनइंडिया की तरफ से बीजेपी नेता केपी सिंह को फोन पर संपर्क करने की कोशिश गई तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। वनइंडिया इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन जिस तरह से यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है उसे लेकर बीजेपी में हलचल तेज हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications