भिंड जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए दो बीजेपी नेता आए आमने-सामने
भिंड में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर बीजेपी के दो नेता नरेन्द्र सिंह कुशवाह और केपी सिंह भदोरिया आमने सामने आ गए है
भिंड, 26 जुलाई। भिंड की जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर बीजेपी के ही दो कद्दावर नेता आमने सामने आ गए हैं। बीजेपी के दो बार के विधायक रहे नरेंद्र सिंह कुशवाह जहां अपनी पत्नी मिथलेश सिंह कुशवाहा को जिला पंचायत अध्यक्ष बनवाना चाहते हैं, वहीं बीजेपी के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष रह चुके केपी सिंह भदौरिया अपनी बहू कामना भदोरिया को इस सीट पर काबिज करना चाहते हैं। दोनों ही बीजेपी नेता एक दूसरे के खिलाफ खड़े होकर जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट पर अपनी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

दो बार के विधायक रह चुके हैं नरेंद्र सिंह कुशवाह
बीजेपी नेता नरेंद्र सिंह कुशवाह भिंड विधानसभा से बीजेपी की टिकट पर दो बार विधानसभा का चुनाव लड़े और दोनों बार विजई हुए।, नरेंद्र सिंह कुशवाह भिंड के दो बार के विधायक रह चुके हैं जबकि उनकी पत्नी मिथिलेश सिंह कुशवाह एक बार जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
वार्ड 6 से जीत कर आई हैं मिथलेश कुशवाह
बीजेपी नेता नरेंद्र सिंह कुशवाहा ने अपनी पत्नी मिथलेश कुशवाहा को जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक 6 से चुनाव लड़वाया। मिथलेश कुशवाह भारी बहुमत से जीत कर भी आ गई है, लेकिन अब असली लड़ाई जिला पंचायत अध्यक्ष बनने की शुरू हो गई है। जिसे लेकर नरेंद्र सिंह कुशवाह ने अपनी जोर आजमाइश शुरू कर दी है।
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक भिंड के अध्यक्ष रह चुके हैं केपी सिंह भदोरिया
बीजेपी के कद्दावर नेता केपी सिंह भदोरिया जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रह चुके हैं। बीजेपी पार्टी के साथ-साथ जनता के बीच भी उनकी अच्छी पकड़ है। उनकी बहू कामना सिंह भी इस बार जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीत कर आई है। केपी सिंह पूरी कोशिश में है कि उनकी बहू कामना सिंह ही जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज हो।
कामना सिंह के पति सुनील भदौरिया रह चुके हैं जनपद पंचायत मेहगांव के अध्यक्ष
बीजेपी नेता केपी सिंह भदौरिया की बहू कामना सिंह के पति सुनील भदौरिया मेहगांव जनपद अध्यक्ष रह चुके हैं। पिता केपी सिंह भदौरिया और पुत्र सुनील भदौरिया मिलकर जिला पंचायत सदस्यों को अपने खेमे में करने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं।
सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया का मिल रहा है केपी सिंह को समर्थन
शिवराज सरकार के सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदोरिया का समर्थन केपी सिंह भदोरिया की बहू कामना सिंह को मिल रहा है। पिछले दिनों भोपाल में अरविंद भदौरिया के समक्ष केपी सिंह भदौरिया ने कुछ जिला पंचायत सदस्यों को ले जाकर एक बैठक करवाई थी माना यह जा रहा है कि अरविंद सिंह भदोरिया के समर्थन से केपी सिंह भदोरिया अपनी बहू को जिला पंचायत अध्यक्ष बनवा सकते हैं।
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का है नरेंद्र सिंह कुशवाहा को समर्थन
मोदी सरकार में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का समर्थन बीजेपी नेता नरेंद्र सिंह कुशवाहा को मिला हुआ है। नरेंद्र सिंह तोमर के खेमे के माने जाने वाले नरेंद्र सिंह कुशवाह भी अपनी पत्नी को जिला पंचायत अध्यक्ष बनवाने के लिए जोड़-तोड़ की राजनीति में जुटे हुए हैं। उन्होंने कुछ विजई जिला पंचायत सदस्यों को अपने पक्ष में कर रखा है। नरेंद्र सिंह कुशवाहा को उम्मीद है कि उनकी पत्नी मिथलेश सिंह कुशवाहा एक बार फिर से जिला पंचायत अध्यक्ष बनेंगी।
बीजेपी में हो रही आपस में खींचतान
यहां बीजेपी पार्टी में ही जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर आपसी खींचतान मची हुई है और उधर कांग्रेस अपनी चाल चलने में मशगूल है। नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह के गृह जिले भिंड में कांग्रेस भी अपना जिला पंचायत अध्यक्ष बनवाने के लिए पूरी कोशिश कर रही है। पिछली दफा डॉक्टर गोविंद सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कांग्रेस नेता रामनारायण हिंडोलिया को काबिज करवाया था, इस बार देखने वाली बात यह होगी कि आखिर तीनों नेताओं में से किसके खाते में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी आती है।












Click it and Unblock the Notifications