Basti News : धान की रोपाई करने से मना करने पर भाई ने ले ली भाई की जान
बस्ती के वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के सिवान में शनिवार रात को छोटे भाई ने बड़े भाई की गला दबारकर हत्या कर दी।वजह सिर्फ इतनी थी कि बड़े भाई ने अपने हिस्से में रोपाई करने से छोटे भाई को रोका था।बेटे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा
बस्ती,31जुलाई: बस्ती के वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के सिवान में शनिवार रात को छोटे भाई ने बड़े भाई की गला दबारकर हत्या कर दी।वजह सिर्फ इतनी थी कि बड़े भाई ने अपने हिस्से में रोपाई करने से छोटे भाई को रोका था।बेटे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

जानकारी के मुताबिक,वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के तरेता का यादव पुरवा निवासी मृतक लालधारी यादव (60) पुत्र झिनकान यादव अपनी पत्नी परमावती व बेटा-बेटियों के साथ पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कर्मा यादव पुरवा स्थित अपनी ससुराल में रहते थे। उनके अन्य भाई ठाकुर प्रसाद, आरोपी रामजीत कुमार व झिन्नेलाल तरेता में ही रहते हैं। शनिवार की दोपहर में बड़े भाई लालधारी को सूचना मिली कि उनके हिस्से के खेत में छोटा भाई रामजीत कुमार धान की रोपाई कर रहा है। इस सूचना पर लालधारी अपने बेटे दिलीप व बेटी सीमा यादव के साथ तरेता के सिवान में स्थित अपने खेत पर आ पहुंचा।
इसके बाद दिलीप व सीमा दूसरे खेत में रुक गए और लालधारी धान की रोपाई करा रहे अपने छोटे भाई रामजीत कुमार के पास पहुंचे और उनके खेत में धान की रोपाई करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों भाईयों में बहस होने लगी। आरोप है कि गुस्से में आकर छोटे भाई रामजीत (48) ने बड़े भाई लालधारी का गला दबा दिया। बेसुध होकर लालधारी खेत में ही गिर पड़े। यह देख लालधारी का बेटा व बेटी दौड़कर मौके पर पहुंचे और बाइक से दोनों उन्हें सीएचसी सांऊघाट ले गए। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या की सूचना मिलते ही सीओ सिटी आलोक प्रसाद, थानाध्यक्ष वाल्टरगंज योगेश सिंह, थानाध्यक्ष पुरानी बस्ती आलोक कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के पास ही भाग रहे आरोपी रामजीत कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सीओ सिटी ने मृतक के बेटे का बयान दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications