Basti Accident: बस्ती-अयोध्या हाईवे पर भीषण हादसा, कार सवार 5 लोगों की मौत, घायलों की हालत गंभीर
Basti road accident: यूपी के बस्ती जिले में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। बस्ती-अयोध्या हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर और कार की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना नगर थाना क्षेत्र के गोटवा के पास हुई, जहां तेज रफ्तार कंटेनर ने अचानक लेन बदलते हुए सात सीटर कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में चार की पहचान नहीं हो पाई है, जबकि कार चालक प्रेम की पहचान गोरखपुर निवासी के रूप में हुई है।

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष, चौकी इंचार्ज और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, हादसे के पीछे कंटेनर चालक की लापरवाही बताई जा रही है, जिसने अचानक लेन बदली और कार को टक्कर मार दी।
गुजरात से बिहार जा रहे थे कार सवार
प्रारंभिक जांच में जो बात सामने आई है उससे पता चला है कि कार सवार सभी यात्री गुजरात से बिहार और गोरखपुर की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
मृतकों के परिजनों को दी गई सूचना
कार चालक प्रेम के परिजनों को पुलिस ने सूचना दे दी है। अन्य मृतकों की पहचान के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतकों की पहचान होते ही उनके परिजनों को सूचित किया जाएगा।
घटना के चलते बस्ती-अयोध्या हाईवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर बहाल कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु रूप से शुरू कराया।












Click it and Unblock the Notifications