Bareilly: मात्र 120 रूपए के लिए कबाब कारीगर की गोली मारकर हत्या, स्वाद न आने से शुरू हुआ था विवाद
बरेली में मात्र 120 रुपए के लिए एक दुकान पर काम करने वाले कारीगर को मौत के घाट उतार दिया गया। बदमाशों ने उसकी कनपटी पर रखकर तमंचे से फायर मारा जिससे उसकी अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।

बरेली के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के जनकपुरी में कबाब खाने के बाद उसके पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में कारीगर की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि पहले विवाद कबाब के स्वाद को लेकर हुआ और फिर मात्र 120 रुपए मांगने पर और बढ़ गया, जिसके बाद हत्यारे कारीगर को गोली मारकर मौके से फरार हो गए। वहीं आज पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

कबाब के पैसो को लेकर हुए विवाद में हत्या
बता दें कि बरेली के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के जनकपुरी में कबाब बनाने की दुकान पर बारादरी थाना क्षेत्र के रहने वाला नासिर कबाब बनाने का काम करता था। नासिर हर रोज की तरह बुधवार देर रात दुकान पर कबाब बना रहा था कि तभी उसके पास कार सवार दो ग्राहक कबाब खाने पहुंचे। जानकारी अनुसार ये दोनों ग्राहक उत्तराखंड के नंबर वाली इन्नोवा कार से आए थे। जिसके बाद दोनो ने कबाब का आर्डर दिया। लेकिन जब दोनों आरोपी कबाब खाने लगे तो उसके स्वाद को लेकर वे कारीगर को खरी खोटी सुनाने लगे।
Recommended Video


कारीगर नासिर के कनपटी पर मारी गोली
कबाब खाने के बाद जब कारीगर नासिर ने दोनों व्यक्तियों से कबाब के पैसे मांगे तो उसी बात पर कबाब कारीगर और दोनों युवकों में विवाद हो गया। उसी विवाद में कबाब खाने आए मयंक रस्तोगी ने कबाब कारीगर नासिर के कनपटी पर गोली मार दी। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत नासिर को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर गोली मारने के बाद दोनों हत्यारे मौके से फरार हो गए लेकिन आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications