बाराबंकी: वकील और पुलिस के बीच हुआ बवाल, महिला दरोगा के खिलाफ केस दर्ज
Barabanki News, बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में गुरुवार को वकील और पुलिस के बीच बवाल हो गया। इस बीच कई किलोमीटर लंबा जाम लगा था। बता दें कि कई दौर की वार्ता बेनतीजा रहने के बाद वकीलों ने जाम में फंसे वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस ने लाठियां फटकारीं तो उन पर भी पथराव किया। संघर्ष में 12 से अधिक पुलिसकर्मी और वकील घायल हो गए। शाम करीब 4 बजे चले उपद्रव के बाद दरोगा शिखा सिंह, सिपाही गौरव और बस चालक के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने पर वकील सड़क से हटे।

क्या था मामला
प्रदर्शन कर रहे वकील हिसाल ने बताया कि बीती रात बार के पदाधिकारी रह चुके मनोज श्रीवास्तव अपने साले के साथ लखनऊ से रामनगर जा रहे थे। तभी बस स्टेशन से कुछ दूरी पर रोडवेज बस ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मनोज श्रीवास्तव ने 100 नंबर डायल करके पुलिस को बुलाया। जिसके बाद मौके पर पहुंची सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज शिखा सिंह ने अधिवक्ता मनोज श्रीवास्तव और उनके साले के साथ अभद्रता और हाथापाई भी की।

दो दिन बाद थी साले की शादी
प्रदर्शनकारी वकील ने बताया कि इसके बाद शिखा सिंह ने दोनों लोगों को ले जाकर कोतवाली के लॉकअप में डाल दिया। अधिवक्ता के साथ उनका जो साला था उसकी 2 दिन बाद शादी है। पुलिस के इसी व्यवहार के खिलाफ वकील प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी मांग थी कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाएगी उन लोगों का गुस्सा शांत नहीं होगा।

क्या कहा एसएसपी ने
बाराबंकी के एसएसपी डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि बुधवार की रात एक वकील पर हुई कार्रवाई से वकील नाराज थे और उग्र प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान वकीलों से वार्ता भी की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। बताया कि पथरबाजी कर रहे वकीलों पर हल्का बल प्रयोगर कर उन्हें तितर-बितर करना पड़ा। बताया कि वकीलों की मांगे मानते हुए महिला दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, जिलाधिकारी को इस उपद्रव की मजिस्ट्रेटी जांच के लिए लिखा गया है। कहा कि उपद्रव करने वाले वकीलों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications