ठेकेदार संतोष पाटिल आत्महत्या मामले में कर्नाटक के मंत्री पर FIR, 40 पर्सेंट कमीशन मांगने का लगाया था आरोप
बंगलुरु, 13 अप्रैल: ठेकेदार संतोष पाटिल के आत्महत्या मामले में कर्नाटक के मंत्री ईश्वरप्पा पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। मृतक के भाई प्रशांत ने मंत्री ईश्वरप्पा पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। कर्नाटक ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता केएस ईश्वरप्पा पर भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी का आरोप लगाने वाले ठेकेदार संतोष पाटिल ने मंगलवार को उडुपी में आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने आत्महत्या के लिए मंत्री केएस ईश्वरप्पा को जिम्मेदार बताया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि पुलिस ठेकेदार की मौत की संपूर्ण और पारदर्शी तरीके से जांच करेगी।
Recommended Video

मैसेज में लिखा - ईश्वरप्पा मौत के लिए सीधे जिम्मेदार होंगे
संतोष पाटिल हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव थे। जानकारी के मुताबिक, संतोष पाटिल कुछ दिन पहले लापता हो गए थे। पुलिस उनकी खोजबीन में जुटी थी। इस बीच पाटिल ने अपने दोस्तों को एक संदेश भेजा, जिसमें कहा गया था कि ईश्वरप्पा उनकी मौत के लिए 'सीधे जिम्मेदार' होंगे और मंत्री को दंडित किया जाना चाहिए। पुलिस के अनुसार, बेलगावी जिले के संतोष पाटिल का शव उडुपी शहर में एक निजी लॉज के कमरे में मिला था। उसके दोस्त उसके बगल के कमरे में ठहरे हुए थे।
पाटिल ने पीएम मोदी को भी लिखा था पत्र
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ हफ्ते पहले संतोष पाटिल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिखा था। इसमें उन्होंने कहा कि ईश्वरप्पा के मौखिक निर्देश के आधार पर अपने गांव में सड़कों के निर्माण में 4 करोड़ रुपए का निवेश किया है। उन्होंने मंत्री पर झूठ, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाया और पीएम मोदी से ईश्वरप्पा को अपने बिलों का निपटान करने का निर्देश देने का आग्रह किया था। उस वक्त ईश्वरप्पा ने मामले में सफाई देते हुए ठेकेदार के आरोपों को गलत बताया था और मानहानि का केस करने की धमकी भी दी थी।












Click it and Unblock the Notifications