'मेरे भाई के शव से ज्यादा, वहां फंसे छात्रों को वापस लाओ', यूक्रेन में मारे गए छात्र के भाई की अपील
बेंगलुरू,02 मार्च: रूस और यूक्रेन की चल रही जंग में भारत ने अपने एक मेडिकल छात्र को खो दिया। मंगलवार को यूक्रेन के खारकीव में कर्नाटक के रहने वाले छात्र नवीन शेखरप्पा की मौत हो गई। नवीन कर्नाटक के हावेरी जिले के चालगेरी इलाके का रहना ला था। नवीन की मौत के बाद उसके शव को भारत लाने के प्रयास में कर्नाटक सरकार जुटी हैं। इस बीच मृतक नवीन के बड़े भाई हर्ष एसजी के सरकार से बड़ी अपील की है।

एमबीबीएस फोर्थ ईयर का स्टूडेंट था नवीन
21 साल का नवीन यूक्रेन में एमबीबीएस फोर्थ ईयर का स्टूडेंट था। इस दौरान राशन लेने गए भारतीय छात्र की रूसी गोलीबारी से मौत हो गई। अब नवीन के बड़े भाई हर्षा एसजी ने सरकार के अपील करते हुए कहा कि मेरा भाई कभी वापस नहीं आएगा, लेकिन प्लीज उन लोगों को बचाओ जो अभी जिंदा हैं। यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को लेकर हर्षा एसजी ने आगे कहा कि मेरे भाई के शव से ज्यादा, फंसे छात्रों को वापस देश लाओ। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक हर्षा ने कहा कि सरकार से अपने भाई के शव को वापस लाने की तुलना में यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने को अधिक प्राथमिकता देनी चाहिए।
यूक्रेन में मारे गए छात्र के भाई की अपील
अपने बयान में उन्होंने सरकार के मार्मिक अपील करते हुए कहा कि कई माता-पिता वहां फंसे अपने बच्चों के बारे में सोचकर हर मिनट उत्सुकता से बिता रहे हैं। अपने भाई के शव से ज्यादा मैं सरकार से अन्य सभी छात्रों को सुरक्षित लाने के लिए कहूंगा। बकौल हर्षा, नवीन ने परिवार को खारकीव से निकलने की योजना के बारे में बताया था और उसी लिए वो राशन खाना खरीदने गया था। उन्होंने आगे बताया कि उन्हें दो-तीन दिनों के लिए भोजन और किराने का सामान स्टोर करने के लिए कहा गया था, क्योंकि बॉर्डर तक पहुंचने में समय लगता इसलिए।
सरकार कर रही शव लाने का प्रयास
इधर, नवीन के पिता शेखरप्पा ज्ञानगौदर ने भी सरकार से यूक्रेन में फंसे छात्रों को वापस लाने का आग्रह किया। वहीं कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने बताया कि नवीन के दोस्तों ने उसके शव की एक तस्वीर भेजी है, जिसे हमने पुष्टि के लिए विदेश मंत्रालय को भेजा है। हम भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं ताकि कम से कम छात्र का शव सुरक्षित रहे। शव को वापस लाने के लिए हर प्रयास किया जा रहा है। परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications