एयरपोर्ट पर खाने के लिए जेब ढीला करने की जरूरत नहीं, सिर्फ 10 रुपये में भरपेट भोजन, कर्नाटक सरकार का बड़ा कदम
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पूरे कर्नाटक राज्य में सस्ती दरों पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए 600 इंदिया कैंटीन स्थापित करने की घोषणा की है। ये सभी कैंटीन लोकसभा चुनाव से पहले खोली जाएंगी। उन्होंने ये घोषणा सोमवार को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक इंदिरा कैंटीन का अनावरण करने के दौरान की।
इंदिरा कैंटीन का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "इंदिरा कैंटीन सभी के लिए 5 रुपये में नाश्ता और 10 रुपये में दोपहर का भोजन परोसेगी।" इस सुविधा का लाभ ज्यादातर एयरपोर्ट कैब ड्राइवर और बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन के बस ड्राइवर उठा सकेंगे।

बीबीएमपी के एक अधिकारी ने कहा "आप हवाई अड्डे के अंदर भोजन की कीमत को देखें। आपको 200 रुपये से कम में नाश्ता नहीं मिलेगा। मुझे यकीन है कि उनमें से कुछ भोजन के लिए इंदिरा कैंटीन पर निर्भर होंगे।"
कैंटीन का अनावरण करने के बाद सिद्धारमैया ने कहा, ''हम बेंगलुरु में 188 नई इंदिरा कैंटीन शुरू कर रहे हैं। टैक्सी चालकों व अन्य वाहन चालकों की मांग पर दो कैंटीन शुरू की जा रही हैं। इनमें से 40 पहले ही पूरे हो चुके हैं और बाकी पर काम चल रहा है। केम्पेगौड़ा हवाई अड्डे पर इंदिरा कैंटीन की आवश्यकता थी। एक का उद्घाटन हो चुका है और दूसरी इंदिरा कैंटीन यहां बन रही है।
सीएम ने कहा, "इसका उद्देश्य गरीबों को कम दरों पर भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराना है। नाश्ता 5 रुपये में मिलेगा और दोपहर और रात का खाना 10 रुपये में मिलेगा। खाने का मेन्यू भी बदल दिया गया है। डायनिंग हॉल की व्यवस्था की गयी है। बेंगलुरु के हर वार्ड और राज्य के अन्य हिस्सों में भी इंदिरा कैंटीन स्थापित की जाएंगी। पिछली सरकार ने भोजन नहीं दिया और उनमें से कुछ को बंद कर दिया गया है।"
इंदिरा कैंटीन स्थापित करना कैब और ऑटोरिक्शा चालक संघों द्वारा परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी को सौंपी गई 36 मांगों में से एक थी। यह मांग हवाई अड्डे और शहर के बीच ड्राइवरों के तनावपूर्ण आवागमन और हवाई अड्डे के टर्मिनल पर रेस्तरां द्वारा वसूले जाने वाले अत्यधिक दरों को देखते हुए आई है।












Click it and Unblock the Notifications