'मैं हुबली में जगदीश शेट्टार के सामने विजय उत्सव करूंगा', बीएस येदियुरप्पा ने फिर साधा निशाना
Karnataka Election 2023: कर्नाटक चुनाव के जारी प्रचार के बीच बीएस येदियुरप्पा ने फिर से जगदीश शेट्टार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मैं हुबली में जगदीश शेट्टार के सामने विजय उत्सव करूंगा।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही दल जमकर प्रचार करने में जुटे हैं। इस बीच उम्मीदवारों के बीच वार-पलटवार का दौर भी शुरू हो गया है। ऐसे में बीजेपी की राज्य में प्रचार की कमान संभालने वाले पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बीजेपी छोड़कर जाने वाले नेताओं पर निशाना साधा है।
'उन्होंने हमारी पार्टी को धोखा दिया'
चुनाव प्रचार के दौरान मीडिया से बात करते हुए बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा ने दावे के साथ कहा कि लक्ष्मण सावदी और जगदीश शेट्टार दोनों ही चुनाव हारने जा रहे हैं। येदियुरप्पा ने कहा, 'उन्होंने हमारी पार्टी को धोखा दिया है। इसलिए मैंने सबसे कहा कि लक्ष्मण सावदी और जगदीश शेट्टार को इस बार नहीं चुना जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुझे शत प्रतिशत विश्वास है कि वे यह चुनाव हारने जा रहे हैं। इसके बारे में कोई संदेह नहीं है। बीएस येदियुरप्पा ने आगे कहा कि कांग्रेस डूबती हुई नाव है। क्या पीएम मोदी और राहुल गांधी के बीच कोई तुलना है? ... मैंने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से वादा किया है कि बीजेपी कर्नाटक में 120 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में वापस आएगी।
हुबली में मनाऊंगा जीत का जश्न: येदियुरप्पा
पूर्व सीएम ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद मैं यहां हुबली में जगदीश शेट्टार के सामने एक विजयोत्सव आयोजित करूंगा, जिसके जश्न की तैयारी शुरू कर दी गई हैं। येदियुरप्पा ने कहा कि , "वह (जगदीश शेट्टार) यहां हारने वाले हैं। इसलिए 1 लाख लोग यहां इकट्ठा होने जा रहे हैं और हम एक बड़ी रैली और बड़ा कार्यक्रम करने जा रहे हैं।"
वहीं धर्म को लेकर हो रही बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि मैं हिन्दू, मुस्लिम या ईसाई किसी एक धर्म का प्रतिनिधित्व नहीं करता। जो भी सुविधाएं दी जाती हैं, सभी समुदाय को दी जाती हैं। इसलिए मैं सभी समुदायों के लोगों को भाजपा का समर्थन करने का अनुरोध करता हूं।
आपको बता दें कि टिकट कटने से नाराज पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार और लक्ष्मण सावदी ने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन कर ली, जिसके बाद दोनों ही नेता कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications