Karnataka: बीजेपी नेता प्रवीण नेट्टारू के परिवार से मिले JP नड्डा, PFI पर दिया बयान
Karnataka News: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलुरु में बीजेपी युवा मोर्चा के नेता प्रवीण नेट्टारू के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात की।

कर्नाटक में इन दिनों बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा चुनाव प्रचार में व्यस्त है। इस बीच रविवार को नड्डा दक्षिण कन्नड़ के बीजेपी नेता प्रवीण नेट्टार के परिवार से मिलने पहुंचे। मंगलुरु में बीजेपी युवा मोर्चा के नेता के नए घर पर जाकर बीजेपी अध्यक्ष ने उनके परिवार से मुलाकात की।
प्रवीण नेट्टार की बदमाशों ने हत्या कर दी थी। परिवार से मिलने के बाद जेपी नड्डा ने कहा, "आज मुझे भाजपा युवा मोर्चा के नेता प्रवीण नेट्टारू के घर पर जाने और उनके परिवार से मिलने का मौका मिला, प्रवीण की एसडीपीआई और पीएफआई के लोगों ने हत्या कर दी थी। हमारी सरकार ने एसडीपीआई और पीएफआई पर प्रतिबंध लगा दिया है और प्रवीण के हत्यारों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं।"
नड्डा ने आगे कहा कि, "भाजपा सरकार ने उनके परिवार के लिए हर संभव प्रयास किया है। मैं यहां प्रवीण को श्रद्धांजलि देने और उनके परिवार के सदस्यों से मिलने आया हूं। जिस तरह से SDPI और PFI के लोगों ने उनकी हत्या की वह बहुत ही निंदनीय है। हमारी सरकार ने इन पर बैन लगाया है। उनकी कमी कभी पूरी नहीं होगी, लेकिन जो कुछ भी हम उनके परिवार के लिए कर सकते हैं हमने किया है।"
बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ने प्रवीण के पिता शेखर पुजारी, मां रत्नावती और पत्नी नूताना से बात की। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों को आश्वस्त किया कि पूरा देश और पार्टी उनके साथ है।
आपको बता दें कि भाजपा युवा मोर्चा के प्रवीण की पिछले साल 26 जुलाई की रात कुल्हाड़ी से मर्डर किया गया था। प्रवीण ने 29 जून 2022 को राजस्थान में कत्ल किए गए कन्हैयालाल के सपोर्ट में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। प्रवीण की हत्या को उसी पोस्ट से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
हत्या के इस मामले में पुलिस ने 20 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया था, जिनसे पूछताछ की गई थी। सभी आरोपी पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) से जुड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications