ईंधन की बढ़ती कीमतों पर BJP विधायक का अजीब बयान, तालिबान को बताया जिम्मेदार
बेंगलुरु, 05 सितंबर: देश में पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ अब एलपीजी सिलेंडर के दामे भी आसमान छूने लगे हैं। पेट्रोल-डीजल और अब घरेलू गैस सिलेंडर आम आदमी के बजट से बाहर जा रहा है। लोगों का गाड़ियों में एक तरफ तेल भरवाना मुश्किल हो गया तो गरीब आदमी रोटी पकाने के लिए भी अब जेब की तरफ देखने लगा है। इस बीच बढ़ती ईंधन की कीमतों पर कर्नाटक से बीजेपी विधायक ने अजीबो-गरीब वजह बताई है। भाजपा विधायक अरविंद बेलाड के मुताबिक अफगानिस्तान में तालिबानियों के कारण जो स्थिति बनी है, उसी की वजह से देश में ईंधन के दाम बढ़ रहे हैं।

बीजेपी विधायक अरविंद बेलाड ने बेतुका बयान देते हुए शनिवार को दावा किया है कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे तालिबान का हाथ है। अपने दावे पर विस्तार से बताते हुए बेलाड़ ने कहा कि तालिबान की समस्या शुरू होने के समय से ही दुनिया भर में ईंधन की कमी हो गई है, जिसके कारण भारत में गैस, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बेहताशा वृद्धि हुई है।
दरअसल, कर्नाटक के धारवाड़ में नगर निगम चुनाव में वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए बेलाड ने बताया कि इंटरनेशनल लेवल पर ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई है। बेलाड के मुताबिक अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे की वजह से भारत में कच्चा तेल नहीं आ रहा है, जिसके कारण कीमतों में वृद्धि हुई है। आपको बता दें कि अरविंद बेलाड कर्नाटक के हुबली-धारवाड़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
दोनों देशों के बीच नहीं ईंधन को लेकर संबंध
15 अगस्त को अफगानिस्तान की सत्ता पर तालिबान ने कब्जा कर लिया था, जिसके बाद से ही भारत और अफगानिस्ता के संबंधों के साथ-साथ व्यापार भी प्रभावित हुआ है, लेकिन जहां तक बात पेट्रोल-डीजल की है तो दोनों देशों के बीच किसी भी तरह का बड़ा निर्यात और आयात संबंध नहीं है। यानी की अफगानिस्तान उन देशों की लिस्ट में शामिल नहीं है, जो भारत को ईंधन निर्यात करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications