Bengaluru Weather: बेंगलुरू में बिगड़ा मौसम, भारी बारिश से सड़कों पर भरा पानी, ट्रैफिक जाम, अगले 2 दिन अहम!
Bengaluru Weather News: कर्नाटक के कई शहरों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। बेंगलुरू समेत कई शहरों में लगातार भारी बारिश के बाद जलजमाव के हालात बन गए। बेंगलुरू में मंगलवार सुबह शुरू हुआ बारिश का दौर अब तक जारी है। भारी बारिश के कारण शहर की प्रमुख सड़कों पर पानी भर आया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए, तो वहीं पैदल राहगीर भी पानी से लबालब सड़कों से गुजरते नजर आए। वहीं, मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिन बेंगलुरू में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। आईएमडी ने कर्नाटक समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

बेंगलुरू का ताजा मौसम अपडेट
मौसम विभाग ने बताया कि 14 से 17 अक्टूबर तक बेंगलुरू में बारिश जारी रहेगी। मंगलवार की आधी रात से ही शहर में 42.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे इस महीने की कुल बारिश 72 मिमी हो गई है। मौसम विभाग ने 16 से 17 अक्टूबर के लिए बेंगलुरू में येलो अलर्ट जारी किया है और 18 अक्टूबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करके भारी बारिश की चेतावनी दी है। बारिश के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। सोशल मीडिया पर लोग अपनी मुश्किलों के बारे में वीडियो और तस्वीरें शेयर कर रहे हैं।
जल भराव की समस्या पुरानी
बेंगलुरू हर वर्ष जल भराव की समस्या से जूझता रहा है। लेकिन, इस बार यह परेशानी और बढ़ गई।
इस बारिश ने शहर के बारिश के पानी को प्रबंधित करने में प्रशासन की कमियों को उजागर कर दिया। बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) की काफी आलोचना हो रही है। सोशल मीडिया पर कई लोग बेंगलुरू की तुलना पानी में डूबे वेनिस से कर रहे हैं।
इन राज्यों में भी भारी बारिश
बारिश का असर सिर्फ बेंगलुरू तक ही सीमित नहीं है। तमिलनाडु में भी भारी बारिश हो रही है। चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने प्रभावित जिलों में आईटी कंपनियों से 15 से 18 अक्टूबर तक घर से काम करने की नीति अपनाने का अनुरोध किया है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है। दक्षिण भारत में लगातार बारिश का खतरा है। यह बारिश लोगों के जीवन और बुनियादी ढांचे पर असर डाल रही है, जिससे बेहतर शहरी नियोजन और आपदा तैयारियों की जरूरत और भी बढ़ गई है।












Click it and Unblock the Notifications