Bengaluru stampede: जांच के आदेश व 10 लाख का मुआवजा, CM बोले-'स्टेडियम की क्षमता 35,000, लोग आ गए 2-3 लाख'
Bengaluru Stampede: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की IPL 2025 जीत के जश्न के दौरान बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई भगदड़ में कम से कम 11 लोगों की दर्दनाक मौत व 33 घायल हुए हैं। मरने वालों में महिलाएं भी शामिल हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु भगदड़ पीड़ितों के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और कहा कि, "हम इस घटना का बचाव नहीं करेंगे। सरकार इस पर राजनीति नहीं करेगी। मैंने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं और 15 दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी है।" उन्होंने बताया कि स्टेडियम की क्षमता 35,000 है, लेकिन 2 से 3 लाख लोग वहां पहुंच गए थे, जिससे हालात बेकाबू हो गए।

सीएम सिद्धारमैया ने X पर लिखा, "इस हादसे की पीड़ा ने जीत की खुशी को भी भुला दिया है। मृतकों की आत्मा को शांति मिले और घायलों को जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
उन्होंने बताया कि RCB टीम को संभावित अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए विजय परेड में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई थी, लेकिन भारी भीड़ के कारण स्टेडियम के बाहर भगदड़ की स्थिति बन गई। "मैं जनता से अपील करता हूं कि जीवन, प्रेम और उत्साह से बड़ा होता है। कृपया सुरक्षा को प्राथमिकता दें।"
यह भी पढ़ें- RCB की विक्ट्री परेड में भगदड़ क्यों मची? जानिए हादसे की असली वजह, चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुआ क्या था?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस घटना पर शोक जताया और कहा, "यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस तरह की त्रासदियों को रोकने के लिए प्रशासन को सुरक्षा प्रोटोकॉल को और सख्त करना चाहिए। कांग्रेस पार्टी पीड़ितों के साथ खड़ी है और राज्य सरकार के राहत प्रयासों को पूरा सहयोग देगी।"
वहीं, कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य बीके हरिप्रसाद ने कहा कि हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। "कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, और सरकार को उनके इलाज के लिए तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।"
राज्य सरकार द्वारा घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं और प्रशासन को भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications