हाँथ-पैर बांधे और मुंह में कपड़ा ठूंस कर मार डाला, शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था युवक
बाँदा जिले से शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक युवक अपने ही गांव की रहने वाली एक महिला से रात में मिलने गया था, जहां पर महिला के परिजनों ने युवक को महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। जिसके बाद युवक के हाथ-पैर बांधे गए, मुंह मे कपड़ा ठूंसा गया, सर गंजा किया गया और फिर पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया।
पूरी घटना क्या है
बता दें कि पूरा मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव का है। घटना की जानकारी तब हुई जब मारपीट करने वालों ने पुलिस को यह जानकारी दी कि उनके घर में कोई चोर घुस आया है, जिसे उन्होंने पकड़ लिया है। जब मौके पर पुलिस पहुंची तो पता चला कि गांव का रहने वाला यह नंदू नाम का युवक है। उसके बाद पुलिस नंदू को लेकर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वही बाद में पुलिस की जांच में पता चला कि इस घर की महिला से मृत युवक का प्रेम संबंध था और उसी से मिलने युवक उसके घर गया था। जिसके चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है।

मृतक के परिजनों ने बताया पैसो का लेन-देन
घटना के संबंध में मृतक के चाचा मुन्नीलाल ने बताया कि मेरे गांव का रहने वाला उत्तम नाम का युवक कल रात मेरे भतीजे नंदू को अपने साथ ट्रक से ईंट उतरवाने के काम के लिए ले गया था। मेरा भतीजा रात भर घर नहीं आया। सुबह 6 बजे पता चला कि उत्तम व उसके परिवार के लोगों ने नंदू की पीट-पीटकर हत्या कर दी है।

उन्होंने कहा कि इन लोगों ने पहले मेरे भतीजे के हाथ-पैर बांधे फिर उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा और फिर उसका सर गंजा कर दिया और उसे पीट-पीटकर मार डाला। कारण यह है कि इनका पैसे का लेनदेन था और इसी के चलते इन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है। वही मुन्नीलाल ने बताया कि महिला से संबंधों की जो बात सामने आ रही है वह गलत है।

पुलिस का इस मामले में क्या कहना है
उधर घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि सुबह पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव में एक चोर एक घर में घुस गया था। जिसको लोगों ने पीटा और वह घायल हो गया। जिसके बाद पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं पुलिस की जांच में बाद में यह पता चला कि मृतक का उस घर की महिला के साथ पिछले 2 सालों से अवैध संबंध था। उसकी महिला से लगातार पिछले दो सालों से बातचीत चल रही थी। युवक लगातार उस घर में आता जाता था। बीती रात भी वह महिला के बुलाने पर उसके घर गया था। लेकिन महिला के परिजनों को उसके आने की जानकारी हो गई और फिर उन्होंने इसके साथ मारपीट की।

मृतक के साथ की गई मारपीट के बाद घबराए परिजनों ने पुलिस को झूठी सूचना दी कि उनके घर में चोर घुस आया है, जिसे उन्होंने पकड़ लिया है। घटना में 4 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। जिसमें महिला के पति व देवर को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले में 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications