पत्नी ने नहीं दिए शराब के लिए पैसे तो हैवान बना पति, छत से फेंका नीचे
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। नशे में धुत शराबी पति ने अपनी पत्नी को छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, शराबी पति का कहना है कि उसकी पत्नी ने छत से कूदकर आत्महत्या की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शराब पति ने की पत्नी की हत्या
मामला शहर कोतवाली के काशीराम कॉलोनी चुनाभट्टी इलाके का है। एक 22 वर्षीय महिला की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के परिजनों के मुताबिक उसके शराबी पति ने उसे छत से नीचे फेंक कर उसकी हत्या की है। महिला मनीषा की उसकी बड़ी बहन के देवर से शादी हुई थी। मृतका की बड़ी बहन के मुताबिक, उसका देवर शराब पीने का आदी है। इस वजह से उसका अक्सर मनीषा से झगड़ा और मारपीट होती थी।

शराब के लिए पत्नी ने नहीं दिए थे पैसे
शनिवार को उसके देवर ने मनीषा से शराब के लिए पैसे मांगे। जब मनीषा ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो उसे छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उधर, आरोपी पति का कहना है कि उसकी पत्नी ने छत से कूद कर आत्महत्या की है।

पुलिस कर रही जांच
इस मामले में बांदा के एएसपी लाल भरत कुमार पाल ने बताया कि एक महिला की छत से गिरकर मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर उसे छत से फेंकने का आरोप लगाया है, जबकि उसके पति का कहना है कि महिला ने छत से कूदकर आत्महत्या की है।उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications