सीएम योगी ने बलिया को दी करोड़ों की परियोजनाओं की सौगात, बोले- जल्द बनेगा मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बलिया पहुंचे। बलिया के बांसडीह अंतर्गत पिंडहरा में आयोजित नारी शक्ति बंधन सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया। इसी कार्यक्रम में उन्होंने बलिया जनपद वासियों को 128.67 करोड रुपए के परियोजनाओं की सौगात दी।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बलिया वीरों की धरती है। उन्होंने यह भी कहा कि गुलामी की दौर में बलिया से ही मंगल पांडेय ने आजादी की चिंगारी को सुलगाने का कार्य किया था। देखते ही देखते यह क्रांति पूरे देश में फैल गई।

उन्होंने यह भी कहा कि सन 1942 में देश को आजादी का एहसास बलिया की धरती द्वारा ही कराया गया था। जब लोकतंत्र खतरे में था और जयप्रकाश नारायण द्वारा नागरिकों की मौलिक आधार की सुरक्षा के लिए संघर्ष किया गया तब बलिया की माटी में जन्मे पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर द्वारा उनके साथ दिया गया।
महिला आरक्षण कानून को लेकर लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती थी कि महिला आरक्षण कानून लागू हो। इसीलिए कांग्रेस ने इस मुद्दे को लंबे समय तक लटकाये रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छा शक्ति के सामने कोई नहीं टिक सका और सभी को महिला आरक्षण कानून का समर्थन करना पड़ा।
बेटियों और महिलाओं के लिए चलाई जाने वाली योजनाओं का भी मुख्यमंत्री द्वारा जिक्र किया गया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शादी के लिए सरकार 51000 दे रही है। इसके अलावा बेटियों की सुरक्षा के लिए भी नए कानून-कायदे बनाए गए हैं, जिससे हमारी बेटियां सुरक्षित रहें और बेखौफ होकर देश के विकास में सहभागी बनें।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिवाली पर उज्ज्वला योजना के कनेक्शन धारकों को सरकार की ओर से मुफ्त गैस सिलेंडर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बलिया जिले को जल्द ही एक मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलेगी और विश्वविद्यालय में नए भवनों का भी निर्माण किया जाएगा और बलिया के विकास में धन की कमी आड़े नहीं आएगी।












Click it and Unblock the Notifications