फेफना में बोले अखिलेश यादव, छठे चरण में बलिया की जनता भाजपा को छांट देगी
बलिया, 01 मार्च: छठे चरण के चुनाव प्रचार के लिए सपा अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव बलिया पहुंचे। यहां फेफना विधानसभा सीट पर जनता को संबोधित करते हुए अखिलेश ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को आड़े हाथों लिया। अखिलेश ने कहा कि पांच चरणों का मतदान हो चुका है जिसमें समाजवादी पार्टी गठबंधन सबसे आगे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि छठे चरण में बलिया की जनता भाजपा को छांट देगी।
Recommended Video

फेफना में अपने संबोधित की शुरूआत करते हुए अखिलेश ने कहा, 'बलिया की क्रांतिकारी धरती को नमन करता हूं। बलिया ने देश की राजनीति को हमेशा नई दिशा दिखाने का काम किया है।' साथ ही उन्होंने फेफना में उमड़ी भीड़ से अपील करते हुए कहा कि ये लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। बलिया के लोगों ने हमेशा क्रांतिकारी रास्ता अपनाया है इस बार बलिया के लोगों साइकिल की मदद कर देना।
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो उत्तर प्रदेश में पुलिस और फौज में नौजवानों के लिए भर्ती निकालने का काम करेंगे। 11 लाख सरकारी पद भी खाली पड़े हैं जिसे समाजवादी पार्टी भर कर नौजवानों को नौकरी देने का काम करेगी। किसानों को ब्याज मुक्त लोन दिया जाएगा और संविदा पर किसी भी विभाग में कर्मचारी हों उनको रेगुलर किया जाएगा। इतना ही नहीं, सरकार बनने पर आईटी सेक्टर में 22 लाख रोज़गार दिए जाएंगे।
अखिलेश ने आगे कहा कि विकास की जो गति समाजवादी पार्टी की सरकार में थी हम उसे और तेजी से आगे ले जाएंगे। क्योंकि विकास होगा तो हमारा किसान खुशहाल होगा हमारे नौजवानों को रोजगार मिलेगा। पूर्व सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर छात्रों को मुफ्त लैपटॉप दिए जाएंगे और अगले पांच साल तक गरीबों को मुफ्त राशन भी दिया जाएगा। इस दौरान भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के लोगों ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी। यहां पर हमें बुजुर्ग दिखाई दे रहे हैं, किसान दिखाई दे रहे हैं, किसी किसान की आय दोगुनी हुई हो तो आप बता दो।
बांसडीह में बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि हमारे बाबा मुख्यमंत्री कहते हैं कि वो 24 घंटे काम करते हैं लेकिन आज सरकार में 11 लाख पद खाली हैं। सपा सरकार बनने पर सभी रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। झूठ बोलने वाले भाजपा के लोग समय-समय पर जनता को छलने का काम करते हैं। इस बार बलिया की जनता छलिया लोगों को जवाब देगी। कहा कि इस बार बलिया के लोग अपनी ताकत से और धुआंधार वोटिंग करके भाजपा का धुआं निकालने का काम करेंगे।
अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली इतनी महंगी हो गई है कि जब भी बिल आता है तो जनता को करंट लगता है। इसलिए समाजवादियों ने तय किया है कि सरकार बनेगी तो 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। आपको कोई बिल नहीं देना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications