IPL fantasy: आईपीएल गेम में 3 करोड़ जीतने वाले छात्र की कहानी, पिता ने दी नसीहत - 'जुआ से बचें बच्चे'
IPL fantasy game win: यूपी के बहराइच के रहने वाले 12वीं के छात्र विवेक मौर्य ने 'माई इलेवन सर्कल' गेम में क्रिकेट टीम बनाकर 3 करोड़ रुपए और एक थार गाड़ी जीत ली। लेकिन इस जीत से पहले उसके पिता ने उसे डांटते हुए पिटाई तक कर दी थी। वजह थी कि वह ऑनलाइन गेमिंग में पैसे लगा रहा था, जिसे उसके पिता जुआ मानते हैं।
विवेक के पिता कृष्ण देव मौर्य का कहना है कि बच्चों को इस तरह के खेलों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि जब बेटे ने पहली बार यह गेम खेला तो उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। लेकिन जैसे ही उन्हें पता चला, उन्होंने बेटे को न सिर्फ डांटा बल्कि फोन भी छीन लिया। अब भले ही वह करोड़पति बन चुका हो, लेकिन पिता इसे सही रास्ता नहीं मानते।

पिता के फोन से खेला गेम
बहराइच के पयागपुर इलाके के गोपारा गांव निवासी विवेक ने 2 अप्रैल को अपने पिता के फोन से 'माई इलेवन सर्कल' पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के मैच में दो टीमें बनाई थीं। एक टीम 1 रुपए की थी और दूसरी टीम 49 रुपए में बनाई गई थी। किस्मत ने साथ दिया और 49 रुपए वाली टीम ने सबसे ज्यादा रैंक हासिल कर ली, जिससे विवेक ने 3 करोड़ रुपए और एक थार गाड़ी जीत ली।
हालांकि, इस जीत से पहले जब उसके पिता को पता चला कि वह इस गेम में पैसे लगा रहा है, तो उन्होंने उसकी पिटाई कर दी थी। उन्हें लगा कि बेटा जुए में पड़ रहा है, जिससे उसका भविष्य खराब हो सकता है।
पिता को मिला जीत का मैसेज
अगले ही दिन विवेक के पिता को 'माई इलेवन सर्कल' की ओर से फोन आया, जिसमें बधाई दी गई कि उनके बेटे ने 3 करोड़ रुपए जीत लिए हैं। पहले तो उन्हें लगा कि यह कोई फर्जी कॉल है, लेकिन जब उन्होंने एप में लॉगिन करके देखा, तो वहां सच में जीत का मैसेज दिखा।
इसके बाद गांव और रिश्तेदारों में यह खबर आग की तरह फैल गई। लोग बधाई देने के लिए घर पहुंचने लगे। लेकिन विवेक के पिता अब भी इसे एक अच्छी चीज नहीं मानते। उनका कहना है कि यह पैसा भले ही उनके बेटे ने जीत लिया हो, लेकिन ज्यादातर लोग इसमें हारते हैं।
मेहनत की कमाई ही असली धन
विवेक के पिता कृष्ण देव मौर्य ने कहा कि बच्चों को मेहनत की कमाई पर ही भरोसा करना चाहिए, न कि शॉर्टकट से पैसे कमाने के लालच में पड़ना चाहिए। भले ही मेरे बेटे ने इतनी बड़ी रकम जीत ली हो, लेकिन हम इसे सही तरीका नहीं मानते। उन्होंने यह भी कहा कि उनके बेटे के जीतने के बाद लाखों लोगों ने इस एप को डाउनलोड कर लिया होगा। इससे कंपनी को करोड़ों का फायदा हुआ होगा, लेकिन ऐसे गेम में सिर्फ एक-दो लोग ही जीतते हैं, बाकी लाखों लोग पैसा गंवा बैठते हैं।












Click it and Unblock the Notifications