बहराइच में रेप पीड़िता ने कोर्ट में खाया जहर, आरोपी दे रहा था जान से मारने की धमकी
बहराइच। उन्नाव के बाद बहराइच में भी एक रेप पीड़िता के आत्महत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुकदमे के दौरान आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी से परेशान होकर रेप पीड़िता ने कचहरी परिसर में ही जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया है।पीड़िता को वकीलों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया है।

क्या है पूरा मामला
थाना कैसरगंज इलाके में 2 साल पहले बलात्कार के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई चल रही थी। इस दौरान पीड़िता अकेले ही कोर्ट में सुनवाई के लिया आया जाया करती थी। पीड़िता का आरोप है कि इस केस शुरू होने के बाद से ही आरोपी लगातार उस पर मामले में सुलह लगाने का दबाव बना रहा था और सुलह न करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसकी शिकायत कई बार पीड़िता ने पुलिस से भी की, लेकिन न तो पुलिस ने संज्ञान लिया और न ही आरोपी अपनी हरकतों से बाज आया।

आरोपी से डरकर रेप पीड़िता ने खाया जहर
ताजा मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट में जिरह के लिए आई पीड़िता को कचेहरी परिसर में भी आरोपी सुलह न करने पर जान से मारने की धमकी देने लगा, जिससे डरी रेप पीड़िता ने कचहरी परिसर में पाक्सो कोर्ट के सामने ही जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ने पर वहां मौजूद वकीलों ने एंबुलेंस के जरिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया है, जहां पर उसका इलाज किया जा रहा है।

मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
फिलहाल इस मामले में थाना कैसरगंज पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन अभी तक पीड़िता को किसी भी तरह की सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई है।












Click it and Unblock the Notifications