UP: सांपों की जान बचाता रहा युवक, आखिर में सांप ही बना जान का दुश्मन, गांव में मातम
UP Azamgarh News: उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ जनपद में एक युवक पिछले कई वर्षों से अपनी जान जोखिम में डालकर बस्ती में और किसी के घर में निकलने वाले सांपों को पकड़ता था और उन्हें जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ देता था। लेकिन अंत में सांप ही उसके जान का दुश्मन बन गया।
जहरीले सांप के डसने के बाद परिवार वाले उसे अस्पताल लेकर गए जहां चिकित्सकों ने जांच पड़ताल के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिवार के साथ ही पूरे गांव में मातम परस गया। उसके दरवाजे पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोग रोते बिलखते नजर आए।

दरअसल, आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना अंतर्गत बीकापुर गांव का रहने वाला 35 वर्षीय बिंदु गौड़ नामक युवक दाना भुंजने के साथ ही सांप पकड़ने का काम करता था। गांव में किसी के घर पर सांप निकलने पर सूचना मिलते ही वह उसे पकड़ने के लिए पहुंच जाता था। बस्ती के लोगों द्वारा बताया गया कि कई साल से बिंदु सांपों को पकड़ता था और उन्हें जंगल में ले जाकर छोड़ देता था।
हाल ही में किसी गांव में सांप निकला था और ग्रामीणों द्वारा उसे बुलाया गया। वहां पहुंचने के बाद बिंदु ने जहरीले सांप को पकड़ लिया और पकड़ने के बाद उसे वह अपने घर पर लेकर चला आया। अति व्यस्तता के चलते वह सांप को घर में ही रखा रहा और उसे छोड़ नहीं पाया।
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार की सुबह वह सांप छोड़ने जा रहा था और जब उसने टोकरी खोली तो सांप ने उसे काट लिया। सांप के काटने के बाद वह चिल्लाने लगा। जानकारी मिलने के बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसे मृत घोषित करने के बाद पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही उनके गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों ने बताया कि बिंदु काफी मिलनसार था और वह जहां सांपों को पकड़ता था और गांव वालों की रक्षा करता था, वहीं सांपों की सुरक्षा भी करता था और उन्हें जंगल में छोड़ देता था।












Click it and Unblock the Notifications