Azamgarh: तंत्र-मंत्र के जरिए आजमगढ़ में हुई मृत महिला को जिंदा करने की कोशिश, सांप के काटने से गई थी जान
Azamgarh News: तंत्र-मंत्र के जरिए मृत महिला को जिंदा करने के प्रयास का हैरान कर देने वाला मामला उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले (Azamgarh) से सामने आया है। यहां महिला को जिंदा करने के लिए तांत्रिक महिला ने घंटों बैठकर कई तंत्र क्रियाएं की। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी इकट्ठा हो गई।
हालांकि, इस दौरान महिला तो जिंदा नहीं हुई लेकिन मौके पर पुलिस आ धमकी और इस अंधविश्वास के खेल को बंद करवा दिया। पुलिस ने तांत्रिक महिला को पकड़ लिया और मृतक महिला के परिजनों को उसका अंतिम संस्कार करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को ऐसे अंधविश्वास और तांत्रिकों से बचने की सलाह भी दी।

यह मामला आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के आवाम गांव का है। गांव निवासी एक महिला को सांप ने डंस लिया था, जिसके बाद परिजन महिला को नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला के मृत घोषित होने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को लेकर गांव पहुंचे।
सर्पदंश से महिला की मौत की खबर सुनकर गांव की रहने वाली एक तांत्रिक महिला भी वहां आई और उसे फिर से जिंदा करने का दावा करने लगी। महिला के परिजनों से उसपर विश्वास करते हुए तंत्र क्रिया करने की इजाजत दे दी। जैसे ही यह बात ग्रामीणों का पता चली तो वह भी मौके पर पहुंच गए।
आजतक की खबर के मुताबिक, कई घंटों तक बैठकर तांत्रिक महिला ने तंत्र क्रिया कीं, लेकिन महिला के शरीर में कोई हलचल तक नहीं हुई। इस दौरान मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव के साथ तंत्र क्रिया कर रही महिला को पकड़ लिया।
साथ ही, पुलिस ने मृतक महिला के परिजनों को उसका जल्द से जल्द अंतिम संस्कार करने को कहा। वहीं, गांववालों को ऐसे अंधविश्वास से दूर रहने की सलाह दी। खबर के मुताबिक, इस दौरान तांत्रिक महिला ने पुलिस के साथ बदसलूकी की औऱ गालियां भी देने लगी।
पुलिस ने तांत्रिक महिला को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। वहीं, मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब वायरल हो रहा है। वहीं, इस मामले में एसपी शैलेंद्र लाल ने बताया कि महिला द्वार चमत्कार दिखाने के नाम पर शव के साथ तंत्र-मंत्र करने के मामले में FIR दर्ज की गई है।












Click it and Unblock the Notifications