दूसरे को फंसाने के लिए प्रधान पति ने अपने ऊपर चलवाई थी गोली, ऐसे खुला घटना का राज
विपक्षियों को फसाने के लिए आजमगढ़ के जहानागंज थाना अंतर्गत रहने वाले प्रधान पति ने खुद के ऊपर चलवाई थी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार
आजमगढ़, 16 अगस्त: आजमगढ़ जिले में एक प्रधान पति द्वारा अपने विपक्षियों को मुकदमे में फंसाने के लिए भाड़े के शूटरों से खुद के ऊपर गोली चलवाई गई थी। पुलिस द्वारा गहनता पूर्वक जांच पड़ताल किए जाने के बाद राज खुल गया। घटना में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अभी भी फरार हैं। मंगलवार को एसपी सिटी ने इस घटना का खुलासा किया।

आठ जुलाई को दर्ज कराया था मुकदमा
आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गंभीरवन गांव के रहने वाले आशुतोष सिंह पुलिस को 8 जुलाई को तहरीर देते हुए बताया था उनकी पत्नी गांव की प्रधान हैं। गांव में राम जानकी मंदिर पर पोखरी के सुंदरीकरण का कार्य चल रहा था और प्रधान पति होने के चलते हुए सुबह 6 बजे मंदिर पर सुंदरीकरण कार्य देखने के लिए गए। सुबह लगभग 9:15 बजे दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार वहां पहुंचे और उनके ऊपर गोली चला दिए। पहली गोली उनको नहीं लगी उसके बाद वे पोखरे में गिर गए। उसके बाद दोनों बदमाशों ने कई बार फायर किया लेकिन उनको गोली नहीं लगी। प्रधान पति ने आशंका जताई थी कि चुनावी रंजिश के चलते उनके गांव के रहने वाले अजय, दिवाकर, शेषनाथ सिंह, गोविंद आदि लोगों ने शैलेश सिंह के मुखबिरी करने पर उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। इस मामले में मुकदमा दर्ज करके पुलिस द्वारा विवेचना किया जाने लगा।
जांच में मामला निकला झूठा
पुलिस द्वारा जांच किए जाने के बाद पता चला कि आशुतोष सिंह ने जिन लोगों के ऊपर मुकदमा लिखाया गया है उनके बीच वर्ष 2015 में विवाद हुआ था। उस समय मुकदमा भी दर्ज कराया गया था जो वर्तमान में ट्रायल पर है। इसके अलावा बताए गए लोगों की सीडीआर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस द्वारा खंगाला गया लेकिन बताए गए समय पर बाइक से आता हुआ कोई दिखाई नहीं दिया। इस मामले में जांच पड़ताल के बाद यह बात सामने आई थी आशुतोष सिंह ने अपने भाई अजीत सिंह और रिश्तेदार विजय सिंह व अशोक सिंह को साथ लेकर भाड़े पर हत्या करने वाले शूटरों दीपचंद निषाद और सुनील निषाद के साथ मिलकर योजना बनाई और स्वयं के ऊपर उसने गोली चलवाई थी।
चार अभियुक्त गिरफ्तार और दो अभियुक्त फरार
- आशुतोष सिंह उर्फ सुगन्ध सिंह पुत्र बालमुकुन्द सिंह नि0 गंभीरवन थाना जहानागंज आजमगढ
- अजीत सिंह उर्फ बुलन्द सिंह पुत्र बालमुकुन्द सिंह नि0 गंभीरवन थाना जहानागंज आजमगढ
- विजय सिंह पुत्र स्व0 राजवहादुर सिंह नि0 भैरोहा थाना अहरौला आजमगढ
- अशोक यादव पुत्र राजाराम यादव नि0डीगुरपुर थाना कप्तानगंज आजमगढ
फरार अभियुक्त (शूटर )
- दीपचन्द निषाद उर्फ दीपू उर्फ सिपाही पुत्र सन्ता निषाद निवासी गजही थाना अहरौला आजमगढ
- सुनील निषाद पुत्र रामकेश निषाद नि0 भवानीपुर थाना कप्तानगंज आजमगढ












Click it and Unblock the Notifications