UP: मां को गोद में लेकर दो किलोमीटर दूर से अस्पताल पहुंचा बेटा, अस्पताल में नहीं मिला स्ट्रेचर, वीडियो वायरल
UP News: यूपी सरकार द्वारा भले ही प्रदेश की अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का दावा किया जाता हो लेकिन समय-समय पर ऐसी घटनाएं सामने आती हैं जिससे सरकार के दावे हवा-हवाई साबित होते हैं। ऐसा ही एक वीडियो आजमगढ़ से वायरल हुआ है।
वायरल हुए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक शख्स अपनी मां को गोद में लेकर अस्पताल में भटक रहा है। दावा किया जा रहा है कि वह अपनी मां को दो किलोमीटर से गोद में लेकर अस्पताल पहुंचा था और अस्पताल पहुंचने के बाद उसे स्ट्रेचर तक नहीं मिला। हालांकि वन इंडिया हिंदी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

बताया जा रहा है कि आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाने के ऊंची गोदाम निवासी मीना देवी एक महिला के पैर में कुछ दिन पहले चाेट लग गई थी। पैर में चोट लगने के बाद घाव ठीक होने की बजाय और बढ़ने लगा था।
घाव बढ़ जाने के चलते मीना देवी अपने पैरों पर चल नहीं पा रही थी। ऐसे में उनका बेटा रवि उनका उपचार कराने के लिए उन्हें दो दिन पहले अस्पताल के लिए निकला। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि रवि के पास इतने पैसे नहीं थे कि वह किसी वाहन को बुक कर सके।
उसके बाद वह अपनी मां को गाेद में ही लेकर दो किलोमीटर दूर मंडलीय चिकित्सालय लेकर पहुंचा। चिकित्सालय में लेकर पहुंचने के बाद उसे स्ट्रेचर नहीं मिला। इस दौरान वहां भी वह अपनी मां मीरा देवी को गोद में ही लेकर वार्ड तक गया।
इस दौरान वहां मौजूद किसी सख्स ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सोमवार शाम यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया।
वीडियो वायरल होने के बाद आजमगढ़ सीएमओ डाॅ. इंद्र नारायण तिवारी द्वारा बताया गया कि अस्पताल में पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर हैं और समय-समय पर निरीक्षण में भी स्ट्रेचर पाए जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एक महिला को गोद में लेकर अस्पताल में पहुंचे एक शख्स का वीडियाे वायरल हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications