आजमगढ़: किशोरी की हत्या का आरोपी पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार, गन्ने के खेत में मिली थी लाश
आजमगढ़ में किशोरी की हत्या कर उसकी लाश को गन्ने के खेत में छुपाने के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने के चलते घायल अभियुक्त को पुलिस द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया
आजमगढ़, 20अगस्त: किशोरी को प्रेम जाल में फंसा कर करीब चार माह तक उसका शारीरिक शोषण करने के बाद उसकी हत्या करने वाले अभियुक्त को 24 घंटे के अंदर आजमगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार की सुबह सुक्खीपुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लग गई। उसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करते हुए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने उसके पास से असलहा, कारतूस और अपराध करने के दौरान पहने हुए कपड़े को भी बरामद कर लिया है। एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए किया हत्या
पकड़े गए अरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह करीब चार माह से उक्त किशोरी से प्रेम करता था। किशोरी उसके साथ शादी करना चाहती थी लेकिन आरोपी अजय निषाद पहले से शादीशुदा था। ऐसे में अजय ने अपनी प्रेमिका को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या करने की योजना बनाई। गुरुवार को वह किशोरी को मिलने के लिए सुनसान स्थान पर बुलाया। वहां पहले वह उसे गोली मार कर हत्या करना चाहता था लेकिन गोली की आवाज सुनकर लोगों को जानकारी हो जाती ऐसे में उसने किशोरी के दुपट्टे से ही गला दबाकर हत्या कर दिया। रात में फिर वह वहां पहुंचा और उसकी लाश को गन्ने के खेत में छुपा दिया।

सुबह में गन्ने के खेत में मिली थी लाश
अतरौलिया थाना क्षेत्र के सेल्हारपट्टी गांव में शुक्रवार को सुबह गन्ने के खेत में एक किशोरी की लाश मिली थी। किशोरी गुरुवार दोपहर बाद से ही लापता थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी अनुराग आर्य भी मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ किए थे। लाश देखने से ही प्रतीत हो रहा था कि किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
परिजनों द्वारा जताई गई थी आशंका
किशोरी की लाश मिलने के बाद उसके परिजनों द्वारा कुछ लोगों पर बेटी की हत्या करने की आशंका जताई गई थी। ऐसे में उन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस द्वारा पूछताछ किया जा रहा था। पकड़े गए आरोपी को लेकर पुलिस टीम जब साक्ष्य संकलन के लिए सुक्खीपुर गांव के सिवान में स्थित एक खेत में गई तो वहां पर कपड़े में छिपाकर रखे असलहे से वह पुलिस टीम पर फायर करके भागने का प्रयास किया हालांकि पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई और वह पकड़ा गया।












Click it and Unblock the Notifications