दुर्दांत अपराधी विकास दुबे की लास्ट लोकेशन औरैया में मिली, MP भागने की आशंका
औरैया। कानपुर जिले में 2 जुलाई की देर रात हुई आठ पुलिसकर्मियों की हत्या ने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया है। वहीं, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी विकास दुबे करीब 56 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस पकड़ से दूर है। ताजा जानकारी के मुताबिक, पुलिस को विकास की लास्ट लोकेशन औरैया जिले में मिली है। औरैया मध्य प्रदेश से सजा हुआ है, ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि विकास दुबे एमपी की ओर भाग सकता है। बता दें कि एमपी में विकास की बहन भी रहती है।
Recommended Video

औरैया-दिबियापुर बाईपास पर मिली लावारिस कार
5 जुलाई दिन रविवार को औरैया-दिबियापुर बाईपास के पास सदर कोतवाली पुलिस को एक लावारिस फोर्ड कार खड़ी मिली है। लावारिस कार मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लखनऊ के नम्बर की ये कार किसी अमित दुबे के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस को आशंका है कि हो सकता है कि कानपुर के विकरू कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे समेत अन्य ने भागने में इस कार का इस्तेमाल किया हो। फिलहाल जांच जारी है।

विकास के ऊपर एक लाख रुपए का इनाम घोषित
बता दें कि गुरुवार देर रात को हुई इस जघन्य हत्याकांड में एक सीओ समेत आठ पुलिसवालों की मौत हुई थी, जबकि सात अन्य घायल हो गए। तभी से मुख्य आरोपी विकास दुबे व उसके 18 अन्य गुर्गे फरार चल रहे हैं। इस बीच पुलिस ने विकास दुबे के ऊपर इनाम राशि को 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख कर दिया है। साथ ही उसके 18 गुर्गों पर भी 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। अब तक की जांच में खाकी पर जो 'कलंक' लगा है, उसमें विभाग के कुछ लोगों का हाथ नजर आ रहा है। पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार नौकर दयाशंकर अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस की तरफ से ही सूचना दी गई थी कि दबिश होने वाली है। इसके बाद विकास ने अपने हथियारबंद साथियों को बुलाया था।

75 जिलों में किया अलर्ट जारी
दुर्दांत अपराधी विकास दुबे और उसके गैंग के लोगों को पकड़ने के लिए डीजीपी ने 75 जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। इतना ही नहीं, डीजीपी ने एडीजी क्राइम के एस प्रताप कुमार को विकास दुबे से जुड़े मुकदमे और उसकी गिरफ्तारी के लिए चल रहे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा एडीजी एलओ प्रशांत कुमार, आईजी एसटीएफ अमिताभ यश भी ऑपरेशन से जुड़े हुए हैं। बहराइच, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, बुलंदशहर, नोएडा, पीलीभीत, श्रावस्ती और बलरामपुर के कप्तानों से भी संपर्क रखने को कहा गया है।

नेपाल भागने की भी आशंका
आजतक ऑनलाइन की खबर के मुताबिक, दुर्दांत अपराधी विकास दुबे के नेपाल भागने की भी आशंका जताई जा रही है। इसके लिए लखीमपुर खीरी पुलिस को भी अलर्ट पर रखा गया है। लखीमपुर खीरी की एसपी पूनम ने मीडिया से बातचीत में बताया, 'विकास दुबे को लेकर नेपाल बॉर्डर पर अलर्ट कर दिया गया है। यहां नेपाल से जुड़ी 120 किमी की सीमा है, चार थाने हैं, हर जगह फोटो चस्पा कर दी गई है। एसएसबी के अधिकारियों से बात हो गई है। जिले के बॉर्डर पर भी अलर्ट है और जांच की जा रही है।'












Click it and Unblock the Notifications