कांशीराम आवास में भ्रष्टाचार के आरोपी भीटी SDM सुनील कुमार गिरफ्तार, HC के आदेश पर हुई कार्रवाई
चंदौली में नायब तहसीलदार के पद पर तैनाती के दौरान सुनील कुमार पर वर्ष 2011 में काशीराम आवास आवंटन में व्यापक गड़बड़ी का केस कोतवाली में दर्ज है।

चंदौली पुलिस ने अंबेडकरनगर में एसडीएम भीटी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। सुनील कुमार की गिरफ्तारी सोमवार की रात हुई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर चंदौली पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस एसडीएम को अपने साथ लेकर गई है। बता दें, मामला साल 2011 में काशीराम आवास योजना से जुड़ा है, जब सुनील कुमार चंदौली में तैनात थे।
क्या है पूरा मामला ?
चंदौली में नायब तहसीलदार के पद पर तैनाती के दौरान सुनील कुमार पर वर्ष 2011 में काशीराम आवास आवंटन में व्यापक गड़बड़ी का केस कोतवाली में दर्ज है। चंद्रमोहन सिंह की तहरीर पर चंदौली कोतवाली में 51 आरोपितों पर केस दर्ज हुआ था। उस समय पुलिस ने चार आरोपितों को गिफ्तार किया था। बाकी के आरोपितों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। 14 अगस्त 2013 को चंद्रमोहन सिंह ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल करते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसमें तत्कालीन नायब तहसीलदार सुनील कुमार, अधिशासी अधिकारी, कानूनगो, लेखपाल समेत 11 कर्मचारी आरोपित थे। कोर्ट ने इनके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर चंदौली पुलिस ने की कार्रवाई
बीते दिनों मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने सुनील कुमार की गिरफ्तारी का आदेश जारी कर दिया था। इसी क्रम में चंदौली पुलिस देर शाम अंबेडकरनगर पहुंची। इसके बाद भीटी पुलिस टीम को साथ लेकर एसडीएम के अकबरपुर स्थित सरकारी आवास से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। रात में ही पुलिस टीम उन्हें लेकर चंदौली चली गई। मंगलवार को सुनील कुमार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।












Click it and Unblock the Notifications