Papla Gurjar: राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर पपला गुर्जर को जेल से भगाने वाला पकड़ा गया, कौन है लारा गुर्जर?
Papla Gurjar News Rajasthan: राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर पपला गुर्जर को थाने से भगाने वाले शूटर और उसके करीबी साथी राजवीर उर्फ लारा गुर्जर (32) को आखिरकार एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने दबोच लिया है। उसे मंगलवार को राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पर रेवाड़ी क्षेत्र से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से एक AK-56 राइफल, डबल मैगजीन और 7 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
राजवीर की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। वह पिछले छह सालों से पुलिस को चकमा दे रहा था और अलग-अलग राज्यों में फरारी काट रहा था। इस दौरान वह कई बार भेष बदलकर दक्षिण भारत के अखाड़ों में भी रहा ताकि पहचान न हो सके।

ACJM कोर्ट ने भेजा 5 दिन की पुलिस रिमांड पर
बुधवार सुबह भारी सुरक्षा के बीच आरोपी को बहरोड़ स्थित ACJM कोर्ट में पेश किया गया, जहां न्यायिक मजिस्ट्रेट मुकुल अग्रवाल ने उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने दी जानकारी
एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बताया कि जयपुर स्थित AGTF टीम लंबे समय से राजवीर की तलाश में थी। मंगलवार को रेवाड़ी इलाके में उसकी लोकेशन का इनपुट मिला, जिसके बाद टीम ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से AK-56, डबल मैग्जीन और 7 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए।
18-20 राज्यों में काटी फरारी, मोबाइल और सोशल मीडिया से रहा दूर
राजवीर के खिलाफ महेन्द्रगढ़ (हरियाणा) में हत्या और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों के कई केस दर्ज हैं। हत्या के एक मामले में वह जमानत पर बाहर था। फरारी के दौरान वह विजय नगर (कर्नाटक), कोल्हापुर और नासिक (महाराष्ट्र), गोवा, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश), हरियाणा और दिल्ली सहित 18 से 20 राज्यों के अलग-अलग जिलों में छिपता रहा। पहचान छुपाने के लिए उसने कई बार भेष बदला और दक्षिण भारत के अखाड़ों में भी समय बिताया। पुलिस से बचने के लिए वह न तो मोबाइल फोन इस्तेमाल करता था और न ही किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्टिव था।
2019 में एके-47 और 56 से फायर कर छुड़ाया था पपला
6 सितंबर 2019 को राजवीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर बहरोड़ थाने में फायरिंग की थी। AK-47, AK-56 और पिस्टलों से फायर कर उन्होंने लॉकअप तोड़ा और पपला गुर्जर को भगाकर ले गए थे। इस घटना के बाद पपला और उसके साथी फरार हो गए थे। करीब एक साल चार महीने बाद पपला को उसकी महिला मित्र के साथ महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार किया गया था, लेकिन राजवीर तब से फरार चल रहा था।
गांव में 'लारा' नाम से मशहूर था गैंगस्टर
राजवीर बचपन में अच्छा क्रिकेट खिलाड़ी था और इसी वजह से गांव में लोग उसे 'लारा' के नाम से पुकारते थे। पुलिस ने ऑपरेशन को भी 'ऑपरेशन लारा' नाम दिया था, जिसके तहत उसे गिरफ्तार किया गया।












Click it and Unblock the Notifications