ALWAR : राजस्थान पुलिस में ASI पिता की मौत के बाद अनुकंपा नौकरी पाने के लिए बड़े भाई की हत्या
अलवर, 6 जून। राजस्थान के अलवर जिले के एनईबी पुलिस थाना इलाके में रिश्तों के कत्ल का मामला सामने आया है। यहां पर पिता की मौत के बाद उनकी जगह मिलने वाली अनुकंपा नौकरी पाने के लिए छोटे भाई ने बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया।
Recommended Video

सिर में ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी
पुलिस ने मृतक के छोटे भाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रवि ने अपने बड़े भाई राकेश जाटव की 2 जून की रात का छत पर सोते समय चारपाई के टूटे पाए से सिर में ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी थी। अलवर की एनईबी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि छत पर एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राकेश कुमार जाटव को राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सख्ती बरतने पर सच उगल दिया
एनईबी थानाधिकारी रविंद्र कविया ने बताया कि अलवर एसपी तेजस्विनी गौतम के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक विकास सागवान के नेतृत्व में टीम गठित की गई और मुखबिर तंत्र को मजबूत किया गया। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। इस मामले प्रथम दृष्टया संदिग्ध मानते हुए मृतक के छोटे भाई रवि प्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा, मगर फिर सख्ती बरतने पर सच उगल दिया।

पिता की नौ माह पहले हुई मौत
दरअसल रवि के पिता रामपाल जाटव राजस्थान पुलिस में सहायक उप निरीक्षक पद पर थे। नौ माह पहले उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद अनुकंपा नौकरी एवं पैसे को लेकर दोनों भाइयों में प्रतिदिन विवाद होता था। 2 जून की दोपहर में भी विवाद हुआ। रात को राकेश जाटव छत पर सो रहा था। तब छोटे भाई रवि प्रकाश ने चारपाई के पाए से हमला कर उसकी हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications