माफिया डॉन अतीक अहमद के 25 करोड़ के मकानों की कुर्की-जब्ती, अन्य संपत्तियों की जानकारी जुटा रही पुलिस
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार बढ़ते अपराध पर विरोधियों के निशाने पर है। वहीं प्रदेश सरकार माफियाओं की संपत्ति कुर्क कर लगातार उनके खिलाफ अभियान चला रही है। माफिया डॉन से नेता बने अतीक अहमद की 25 करोड़ की पांच प्रॉपर्टी जब्त करने के बाद अब पुलिस उसकी अन्य संपत्ति के बारे में जानकारियां जुटाने में लग गई हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत धूमनगंज, खुल्दाबाद और सिविल लाइंस पुलिस ने डॉन अतीक अहमद की पांच संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। प्रदेश में पुलिस ने माफिया डॉन मुख्तार अंसारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी दो बिल्डिंगों को गिरा दिया।
Recommended Video

पुलिस ने बुधवार को माफिया अतीक अहमद की जिन संपत्तियों की कुर्की की है उनमें पांच करोड़ के चार मकान और महात्मा गांधी मार्ग पर स्थित 20 करोड़ का एक मकान शामिल हैं। नगर निगम ने गुरुवार को अतीक अहमद की दो अन्य संपत्तियों को भी सील करने की कार्रवाई की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिविल लाइंस स्थित अलीना टॉवर में कई दुकानों को सील कर दिया। जिन दुकानदारों ने शॉप पर मालिकाना हक का दावा किया वे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। 13 अगस्त को डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने अतीक अहमद के खिलाफ एसएसपी की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए उसकी सात अवैध संपत्ति को कुर्क करने का आदेश दिया था। एसएसपी प्रयागराज अभिषेक दीक्षित ने बताया है कि जेल में बंद डॉन की अन्य अवैध संपत्तियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है और उनकी भी कुर्की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्तार अंसारी की बिल्डिंग गिराई गई
लखनऊ के डालीबाग में विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए दो बिल्डिंग को गिरा दिया। ये दोनों बिल्डिंग मुख्तार अंसारी के दोनों बेटों अब्बास अंसारी और उमर अंसारी के नाम पर थीं। बिना नक्शा के इन दोनों इमारतों को अवैध तरीके से बनाया गया था। इमारत गिराने के दौरान विरोध कर रहे लोगों से पुलिस की झड़प भी हुई। 11 अगस्त को एलडीए के अफसर ऋतु सुहास ने दोनों इमारतों को गिराने का आदेश दिया था।












Click it and Unblock the Notifications