तापसी पन्नू स्टारर फिल्म तड़का के निर्माता की गिरफ्तारी पर रोक, धोखाधड़ी का था मामला
Prayagraj News, प्रयागराज। बॉलीवुड फिल्म तड़का का विवाद बढ़ता ही जा रहा है और अब यह मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंच गया है। हालांकि इलाहाबाद हाईकोर्ट से तड़का फिल्म के निर्माता समीर दीक्षित और सह निर्माता जतिस वर्मा को बड़ी राहत मिली है और दोनों की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। दरअसल इस फिल्म के निर्माण को लेकर विवाद के बाद फिल्म के फाइनेंसर ने निर्माता पर करार तोडने व धोखेबाजी करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद वाराणसी में इनके ऊपर मुकदमा दर्ज किया गया है। इसी मुकदमें में समीर की गिरफ्तारी का प्रयास पुलिस कर रही थी, लेकिन अब हाईकोर्ट ने सीमर व जतिस वर्मा की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।

क्या है मामला
इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल याचिका के अनुसार रणविजय सिंह नाम के फाइनेंसर ने वाराणसी के कैंट थाने में तड़का फिल्म के निर्माता समीर दीक्षित और सह निर्माता जतिस वर्मा पर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें आरोप है कि उनके और समीर के बीच फिल्म बनाने को लेकर एक करार हुआ था। करार में यह तय हुआ था कि फिल्म बनाने के लिये जो पैसा लगेगा उसका आधा पैसा वह फिल्म बनाने के पहले देंगे और आधा पैसा फिल्म खत्म होने के बाद। लेकिन बीच में समीर ने इस करार का पालन नहीं किया। जिस पर रणविजय ने समीर आदि पर धोखाधडी करने आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। इसी मुकदमें में समीर आदि की गिरफ्तारी के लिये पुलिस प्रयास कर रही थी।
डबल बेंच से राहत
इलाहाबाद हाईकोर्ट की डबल बेंच में समीर दीक्षित की ओर से याचिका दाखिल की गयी और हाईकोर्ट से मांग की गयी कि उन पर दर्ज मुकदमा फर्जी है और यह मनगढंत कहानी है, जिसके आधार पर उन पर आरोप लगे हैं। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति विपिन सिन्हा तथा न्यायमूर्ति इफाकत अली खान की खंडपीठ ने शुरू की तो फिल्म को लेकर पहले से चल रहे विवाद का भी जिक्र हुआ और पता चला कि बांबे हाईकोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर पहले ही रोक लगा रखी है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर हाईकोर्ट ने समीर आदि को बडी राहत दी और उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। हालांकि मुकदमे की जांच अभी भी चलेगी।
फिल्म के बारे में
फिल्म निर्माता के वकील कर्तीकेय के अनुसार, तड़का फिल्म एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है। जिसे साउथ के दिग्गज फिल्म कलाकर प्रकाश राज ने डायरेक्ट किया है। इस फिल्म में नाना पाटेकर, श्रेया सरन, अली फजल और तापसी पन्नू आदि कलाकारों ने प्रमुख भूमिका निभाई है। यह फिल्म मलयालयम की सुपर हिट फिल्म साल्ट एंड पेपर का हिंदी रीमेक है। इस रीमेक फिल्म का प्रोडक्शन जी स्टूडियो कर रहा है। यह फिल्म बनकर तैयार है, लेकिन विवादों के कारण रिलीज नहीं हो पा रही है।
ये भी पढ़ें:- इलाहाबाद सीट पर क्या हैं जीत-हार के पुराने सियासी आंकड़े












Click it and Unblock the Notifications