Prayagraj Flood: बाढ़ में मासूम को हाथों में उठाकर पानी पार करता पिता, सोशल मीडिया पर भावुक कर गया वीडियो
Prayagraj Flood Update: यूपी के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते गंगा और यमुना नदियां उफान पर हैं। प्रयागराज के कई मोहल्ले पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में छोटा बघाड़ा शामिल है, जहां शनिवार रात अचानक पानी भर गया। लोग जब नींद से जागे, तो घरों में कमर से ऊपर तक पानी पहुंच चुका था।
हालात ऐसे बन गए कि लोगों को घर छोड़कर जान बचाने के लिए ऊंचाई वाले इलाकों की ओर भागना पड़ा। बाढ़ इतनी तेजी से फैली कि जरूरी सामान समेटने का भी मौका नहीं मिला। कई जगह लोग बच्चों और बुजुर्गों को कंधे और पीठ पर बैठाकर जलभराव वाले इलाकों से बाहर निकलते नजर आए।

इसी बीच प्रयागराज से एक वीडियो सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक नवजात को बचाने की कोशिश करते हुए एक दंपत्ति गले तक पानी में डूबे हुए दिखाई दे रहे हैं। बच्चा तौलिए में लिपटा हुआ है, जिसे दोनों हाथों से ऊपर उठाकर सुरक्षित स्थान की ओर ले जाया जा रहा है।
वायरल वीडियो ने लोगों को किया भावुक
वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले युवक बच्चा लेकर कुछ दूर चलता है, फिर बच्चे को दूसरे व्यक्ति के हवाले कर देता है। इसके बाद महिला गहराई बढ़ते देख युवक की पीठ पर चढ़ जाती है। हालांकि वनइंडिया हिंदी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह द्वारा भी सोशल साइट एक्स पर शेयर करते हुए वीडियो को प्रयागराज का बताया गया है। संजय सिंह के अलावा इस वीडियो को कई लोगों ने सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर भी शेयर किया है।
खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं दोनों नदियां
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को गंगा और यमुना दोनों नदियों का जलस्तर 84.734 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान से ऊपर है। प्रयागराज के दो दर्जन से अधिक मोहल्लों में पानी घुस चुका है। हजारों लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों या राहत शिविरों में पहुंचे हैं।
करीब तीन हजार से अधिक लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है। प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीमें और 12 नावों को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया है। इसके बावजूद, प्रभावितों की भारी संख्या के कारण कुछ क्षेत्रों में लोगों को सहायता मिलने में देरी हो रही है।
रविवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने छोटा बघाड़ा सहित बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने हालात का जायजा लेते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि किसी भी हाल में लोगों को अकेले नहीं छोड़ा जाएगा और हर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि प्रशासन से संपर्क बनाए रखें और अफवाहों से बचें।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
इधर, मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे जलस्तर में और वृद्धि की आशंका है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लोग नदी किनारे जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।












Click it and Unblock the Notifications