मोरारी बापू ने बांटी 'बीजेपी' स्टीकर लिखी साड़ी, चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में राम कथा के दौरान सुप्रसिद्ध कथा वाचक मोरारी बापू पर भाजपा के पक्ष में प्रचार प्रसार करने व मतदाताओं को लुभाने के लिए पैसा व साड़ी आदि बांटने के मामले में सियासत गर्मा गई है। सपा प्रत्याशी इंद्रजीत सरोज ने भी चुनाव आयोग से शिकायत की है, जबकि सपा की जिला कमेटी ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर आयोजन पर प्रतिबंध लगाने व इसे आचार संहिता का उल्लंघन के तहत मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।

आयोजकों ने बताई ये बात
वहीं, चुनाव आयोग से शिकायत के बाद इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताकर कार्रवाई की मांग की गयी तो मामले में आयोजकों द्वारा जिला प्रशासन को सफाई में पत्र लिखा गया है। जिसमें बताया गया है कि बीजेपी का मतलब 'बंपर जर्जर प्रिंट' है। यानी साडी पर जो बीजेपी के नाम लिखा स्टीकर था उसका मतलब भारतीय जनता पार्टी नहीं है, बल्कि वह 'बंपर जर्जर प्रिंट' का शार्ट फार्म लिखा है।

जारी हुई नोटिस
मोरारी बापू की राम कथा का आयोजन इस समय कौशांबी के रत्नावली में चल रहा है। जहां हजारों की संख्या में लोगों की भीड जुट रही है। राम कथा के दसूरे दिन यानी रविवार को मोरारी बापू ने सदर तहसील के ढेरहा गांव में गरीबों को साडियां, पैंट शर्ट के कपडे आदि बांटे थे। इस दौरान वितरित की गयी साडियों के उपर बीजेपी लिखा हुआ स्टीकर लगा था। जिसकी फोटो खींच कर किसी ने साोशल मीडिया पर वायरल की दी और देखते ही देखते हंगामा मच गया। कौशांबी में इस वायरल फोटो से सियासी भूचाल आया तो दूसरे दलों के प्रत्याशी ने घेराव शुरू कर दिया। मामले के तूल पकडते ही निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर एसडीएम सदर ने कार्यक्रम के आयोजकों को नोटिस जारी कर दी और इस पर जवाब मांगा। साथ ही फ्लाइंग स्क्वायड को मौके पर जांच करने के लिये भेज दिया।

जांच में मिला स्टीकर
फ्लाइंग स्क्वायड ने सोमवार को जांच शुरू की तो यह तथ्य सामने आया कि जो साडी बांटी गयी उसके उपर लगे लेबल पर बीजेपी लिखा हुआ है। यह रिपोर्ट तैयार कर टीम ने जिला निर्वाचन अधिकारी को दी। दूसरी तरफ आयोजकों ने नोटिस के जवाब में मंगलवार को जिला प्रशासन को पत्र लिखा और जवाब देते हुये बताया कि बीजेपी का मतलब 'बंपर जर्जर प्रिंट' है। यह किसी पार्टी का नाम नहीं है और ना ही किसी पार्टी का प्रचार प्रसार करने के लिए आयोजन किया गया है।

मथुरा की कंपनी
जानकारी देते हुए एसडीएम सदर कौशांबी ने बताया कि 'बंपर जर्जर प्रिंट' कंपनी मथुरा की है जो साड़िया बनाती है। यह अपनी साडी पर स्टीकर के तौर पर अपनी कंपनी के नाम का शार्ट फार्म ही प्रिंट कराती है। जिसके कारण यह नाम राजनैतिक दल के नाम से मिले है। निर्वाचन अधिकारी को इसकी रिपोर्ट भेज दी गयी है। वहीं इस मामले में डीएम कौशांबी मनीश वर्मा ने बताया कि साडी वितरण के मामले की विस्तृत जांच रिपोट निर्वाचन आयोग को भेज दी गयी है। इसमें जांच, जवाब समेत सभी तथ्य है। फिलहाल आचार संहिता का कोई मामला इसमे नहीं बन रहा है।












Click it and Unblock the Notifications